मुंबई: भारत सरकार की तरफ से चीनी एप्स को बंद करने के बाद सबसे ज्यादा परे’शान दिख रहे हैं टिक टॉक बनाने वाले वह कलाकार जो टिक टॉक के स्टार बन चुके थे. इनके महीने की कमाई टिक टॉक के जरिए आती थी. टिक टॉक को उन्होंने अपना करियर बना लिया था और टिक टॉक ने ही उनकी एक अलग पहचान बना दी थी. उनके अलग फैन फॉलोअर्स थे. वह एक स्टार की जिंदगी जीने लगे थे, लेकिन टिक टॉक बंद होने के बाद अब उन्हें लग रहा है कि वह आगे क्या करेंगे.
इस मुद्दे पर हमारी बात हुई समीर मार्क से. समीर मार्क फैशन इनफ्लुएंस के साथ इंस्टाग्राम और टिक टॉक के स्टार माने जाते हैं. लाखों में उनके फैन फॉलोअर्स हैं. समीर का कहना है कि उनकी नज़र में देश सबसे आगे है, लेकिन टिक टॉक बंद होने से बहुत सारे नौजवानों के सपने चूर-चूर हो गए हैं, क्योंकि उन्होंने अपना पूरा करियर टिक टॉक के लिए लगा दिया था. रात दिन वह उसके लिए काम कर रहे थे और टिक टॉक उनकी कमाई का एक जरिया भी बन चुका था. ठीक-ठाक आमदनी होने लगी थी बहुत सारे लोगों के प्रमोशन के लिए बुलाया जाता था. उससे अच्छा खासा पैसा भी उन्हें मिलता था, लेकिन टिक टॉक बंद होने से फर्क तो पड़ेगा.
समीर बताते हैं कि उनके तो यूट्यूब चैनल इंस्टाग्राम पर भी बहुत सारे फैन फॉलोअर्स हैं और उससे भी उनकी कमाई होती है, लेकिन बहुत सारे ऐसे नौजवान हैं, जिनकी कमाई का जरिया और उनके फैन फॉलोअर्स सिर्फ टिक टॉक पर थे. अब वह क्या करेंगे अपनी जिंदगी में गलत रास्ते भी अपना सकते हैं. सरकार को कुछ ऐसे एप्स बनाने चाहिए, जो टिक टॉक की तरह नौजवानों के करियर के लिए काम आएं.

सिर्फ समीर ही नहीं टिक टॉक के और 1 स्टार खान उस्मान से हमारी बात हुई. कुछ साल पहले ही खान उस्मान ने टिक टॉक पर अपना अकाउंट बनाया था और वीडियो डालना शुरू किया था. करीब एक साल के अंदर ही उस्मान को महीने में 50 हज़ार की कमाई हो जाती थी, उनके फैन फॉलोअर्स हो गए थे और उन्होंने इसी को अपना करियर बनाने की सोच चुके थे, लेकिन टिक टॉक बंद होने से निराश हैं, लेकिन उसके साथ वह यह भी कहते हैं कि सबसे पहले हमारा देश है अगर चीन को सबक सिखाने के लिए हमारे देश में टिक टॉक जैसे तमाम एप्स जो चीनी हैं, उन्हें बंद करने का फैसला लिया है, तो वह उसका स्वागत करते हैं.



Comment here