Breaking NewsNational

50 साल के हुए राहुल गांधी: शहीदों के सम्मान में जन्मदिन नहीं मनाएंगे राहुल गांधी, कार्यकर्ताओं से दो मिनट का मौन रखने का आह्वान…

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लद्दाख की गलवान घाटी में शहीद हुए जवानों के सम्मान में इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी की इच्छानुसार पार्टी आलाकमान ने सभी प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक इकाइयों को निर्देशित किया है कि 19 जून को कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता राहुल गांधी के जन्मदिन पर कहीं भी केक नहीं काटें और नारेबाजी नहीं करें.

कांग्रेस के एक सूत्र ने बताया कि पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से प्रदेश अध्यक्षों, प्रभारियों, विधायक दल के नेताओं, पार्टी के मोर्चा संगठनों एवं विभागों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शुक्रवार को नेता और कार्यकर्ता गलवान घाटी में शहीद हुए जवानों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखें.

इसके साथ ही पार्टी ने यह भी कहा कि कोरोना संकट के कारण परेशानी का सामना कर रहे गरीबों तक ज्यादा से ज्यादा मदद पहुंचाई जाए. गौरतलब है कि शुक्रवार को राहुल गांधी 50 साल हो जाएंगे. पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी और कांग्रेस की वर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी के पुत्र राहुल गांधी का जन्म 19 जून, 1970 को हुआ था.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.