नेल्लोर. आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के नेल्लोर में मंगलवार को नदी के किनारे एक मंदिर जैसा ढांचा मिला है. दावा किया जा रहा है कि ये ऐतिहासिक शिव मंदिर (Lord Shiva) है. इस मंदिर का पता उस वक्त चला जब लोग नदी के किनारे रेत निकालने (Sand Mining) के लिए खुदाई कर रहे थे. ये घ’टना पेरुमलापाडु गांव के पास पेन्ना नदी की है. खुदाई के दौरान मंदिर का ऊपरी हिस्सा दिखा है. ऐसे में अब चारों तरफ से मिट्टी निकाले जाने का काम चल रहा है.
200 साल पुराना मंदिर
स्थानीय लोगों का दावा है कि ये मंदिर 200 साल पुराना है. लोगों का कहना है कि भगवान परशुराम ने 101 मंदिर बनवाये थे. उन्हीं में से एक मंदिर का निर्माण पेन्ना नदी के किनारे किया गया था. फिलहाल इस मंदिर की पुरी जानकारी इकट्ठा की जा रही है.

पुरातत्व विभाग का दावा
अंग्रेजी अखबार द हिंदू से बातचीत करते हुए पुरातत्व विभाग के सहायक निदेशक रामसुब्बा रेड्डी ने बताया कि पेन्ना नदी अपना रास्ता बदलती रहती है. ऐसे में हो सकता है कि ये मंदिर पानी के अंदर डूब गया हो. उन्होंने कहा कि हो सकता है कि ये मंदिर 1850 की बाढ़ में नीचे दब गया हो.
ओडिशा में भी दिखा था ऐसा नजारा
बता दें कि पिछले हफ्ते ओडिशा में भी लोग नदी के अंदर मंदिर देखकर हैरान रह गए थे. लोगों ने नदी के अंदर से 500 साल पुराने भगवान विष्णु के मंदिर को निकलते देखा. इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज की पुरातत्वविदों की टीम ने बताया था कि इस मंदिर को उन्होंने ही खोजा है और इस मंदिर की बनावट को देखने के बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये 15वीं या 16वीं सदी का होगा. इस मंदिर में गोपीनाथ (भगवान विष्णु) की प्रतिमा विराजमान थी, जिसे गांव के लोग अपने साथ ले गए थे.




Leave a Reply