BOKAROBreaking NewsJHARKHAND

डीसी ने दिया तीरंदाज सोनू खातून को एशियन जालान अस्पताल का नियुक्तिपत्र..

डीसी ने दिया तीरंदाज सोनू खातून को एशियन जालान अस्पताल का नियुक्तिपत्र

धनबाद : धनबाद जिले के जोरापोखर शालीमार की रहने वाली 23 वर्षीय तीरंदाज सोनू खातून को उपायुक्त अमित कुमार ने एशियन द्वारकादास जालान सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में फ्रंट ऑफिस कोआर्डिनेटर के पद का नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद उपायुक्त ने सोनू खातून को कहा कि अब उन्हें किसी भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए परेशानी नहीं होगी। अस्पताल प्रबंधन उनके आने-जाने, रहने इत्यादि के लिए स्पॉन्सर करेगा। उन्होंने सोनू के उज्जवल भविष्य की कामना भी की। सोनू खातून ने कहा कि एशियन द्वारकादास जलन सुपर सशलिटी अस्पताल में फ्रंट ऑफिस कोआर्डिनेटर के पद पर नियुक्ति होने से वह बहुत खुश है और बहुत अच्छा लग रहा है।

अब वह मन लगाकर अपना काम भी करेंगी और जब-जब अवसर मिलेगा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेने का प्रयास करेगी। एशियन जालान अस्पताल के डॉ ए.एम. राय ने कहा कि जब अस्पताल प्रबंधन को सोनू के बारे में मालूम हुआ तब प्रबंधन ने उन्हें अपने यहां नियुक्ति प्रदान करने का निर्णय लिया।
उल्लेखनीय है कि तीरंदाज का धनुष टूट जाने के कारण वह अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में असमर्थ थी और जीविकोपार्जन के लिए सब्जी बेचती थी। जब उपायुक्त को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने 2 जून को सोनू खातून को धनुष लेने के लिए सहायता स्वरूप ₹20000 का चेक प्रदान किया था। इस अवसर पर उपायुक्त अमित कुमार, एशियन द्वारकादास जालान सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के डॉ ए.एम. राय, डॉ सी राजन, ऑपरेशन मैनेजर सुश्री निवेदिता, एच आर संजय सिंह, मो ताजुद्दीन, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, धनबाद के सचिव कौशलेंद्र कुमार उपस्थित थे।

संवाद सूत्र : नितेश वर्मा

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.