BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

MUZAFFARPUR: जिले में विधानसभा चुनाव के लिए यूपी व आंध्रप्रदेश से आएंगी ईवीएम और वीवीपैट मशीनें

मुजफ्फरपुर। जिले में विधान सभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के कन्नौज, कानपुर एवं आंध्र प्रदेश के परासम जिले से ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें आएंगी। निर्वाचन से संबंधित कार्यो की सोमवार को हुई समीक्षा बैठक के दौरान डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने यह कहा। उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इन्हें लाने के लिए शीघ्र ही सुरक्षा बल के साथ दंडाधिकारी एवं वाहन आदि की प्रतिनियुक्ति की कार्रवाई पूरी करें। साथ ही चुनाव के मद्देनजर जिले के सभी कर्मियों की सूची स्थापना उप समाहर्ता से मांगी गई है। इन्हें कंप्यूटरीकृत करने का निर्देश भी दिया गया है। इसके अलावा सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को ऑफ़ लाइन एवं ऑन लाइन प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई कर उसका निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।

मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन का आदेश : विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने का डीएम ने आदेश दिया है। साथ ही मतदान केंद्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का भी सत्यापन करने को कहा है। समीक्षा बैठक में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन तैयारियों का भी अपडेट लिया गया। इसके बाद डीएम ने प्रपत्र-18 एवं 19 में प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की जांच एवं निष्पादन के लिए निर्देश दिया। कहा कि 12 जून तक इसे हर हाल में निष्पादन कर रिपोर्ट दें। बैठक के दौरान डीएम ने सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन कार्य को ससमय गम्भीरता पूर्वक निष्पादित करने का आदेश दिया है।

लोकसभा चुनाव में अधिगृहित किए गए वाहनों के बकाया भुगतान का आदेश : डीएम ने डीटीओ को निर्देश दिया है कि लोक सभा निर्वाचन 2019 के अवसर पर अधिग्रहीत वैसे वाहन जिनका भुगतान अभी तक प्राप्त नहीं किया गया है उन वाहन मालिकों समाचार पत्र में सूचना के माध्यम से सूचित कर बुलाएं व भुगतान की कार्रवाई करें। बैठक में सहायक समाहर्ता , उप विकास आयुक्त , अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.