BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

MUZAFFARPUR: सुकन्या समृद्धि योजना को लेकर नई पहल, 10 वर्ष तक की उम्र की बच्चियां होंगी लाभान्वित

केंद्र सरकार के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सुकन्या समृद्धि योजना को लेकर डाक विभाग एक नई पहल करने जा रही है। इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए मंगलवार से तीन दिवसीय विशेष ड्राइव का आगाज होगा।

सोमवार को प्रवर डाक अधीक्षक राजदेव प्रसाद ने प्रमंडल के सभी सहायक डाक अधीक्षक, डाक निरीक्षक, सहायक पोस्ट मास्टर आदि के साथ बैठक कर टास्क दिए। बताया कि योजना से जन्म से लेकर दस वर्ष तक की उम्र की छोटी बच्चियों को जोडऩा है। अच्छा काम करने वाले डाकपालों को विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र व अवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। इसमें ग्रामीण डाक सेवकों की भूमिका अहम होगी। प्रतिदिन दस हजार खाता खोलने का लक्ष्य है।

ऐसे खुलेगा खाता

प्रवर डाक अधीक्षक ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में इस योजना का लाभ हर कोई ले सकता है। आप अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस में पहुंचकर बेटी का बर्थ सर्टिफिकेट, माता-पिता का आधार कार्ड, तीन फोटो और 250 रुपये से यह खाता खुलवा सकते हैं। इस खाता में एक वर्ष में न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। इसकी ब्याज दर बेहद आकर्षक है और टैक्स में छूट भी है।

बच्चियां होंगी स्वावलंबी

दरअसल डाक विभाग ने बच्चियों को स्वावलंबी बनाने का संकल्प लिया है। प्राय: देखा जाता है कि जैसे-जैसे बेटियां बड़ी होती हैं, उनकी पढ़ाई और विवाह को लेकर माता-पिता की चिंता भी बढ़ती चली जाती है। इस चिंता को कम करने के लिए ही सरकार ने इसकी शुरुआत की।

घर-घर जाकर करेंगे जागरूक

अभियान में ग्रामीण डाक सेवकों की भूमिका अहम है। बताया कि वे गांवों में घर-घर जाकर लोगों को इसके लिए जागरूक करेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.