विदेश में रहने वाले बिहार वासियों के आगमन को लेकर की गई गया हवाई अड्डा पर बैठक
गया- 08 मई 2020, कोविड-19 वैश्विक महामा’री कोरोना से सुरक्षा व बचाव को लेकर किए गए लॉकडाउन के दौरान विदेश में फंसे बिहार वासियों को वंदे भारत मिशन के अंतर्गत बिहार लाने की तैयारी चल रही है। बिहार के लिए गया हवाई अड्डा का चयन लैंडिंग पॉइंट के लिए किया गया है। यह संपूर्ण अभियान आयुक्त मगध प्रमंडल, गया श्री असंगबा चुबा आओ की देख रेख में संपन्न होगी।
आयुक्त महोदय की अध्यक्षता में गया हवाई अड्डा के सभागार में आयोजित बैठक में आयुक्त महोदय ने इसकी जानकारी देते हवाई अड्डा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कहा कि आप सभी बराबर हवाई जहाज के यात्रियों की अगुवानी एवं समन्वय करते हैं आप लोगों को इसका पुराना अनुभव है लेकिन यह असामान्य समय है। इसलिए सभी विभाग के पदाधिकारियों के बीच बेहतरीन समन्वय होना चाहिए। यात्रियों के साथ अपने पुराने अनुभव का उपयोग करते हुए बेहतर ढंग से उनकी अगवानी करनी है उनके हवाई अड्डे पर उतरने से लेकर होटल में प्रस्थान करने तक सबको अपनी अपनी जिम्मेदारी बेहतरीन ढंग से निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आप सबों को बेहतर अनुभव है क्योंकि जनवरी माह से ही गया हवाई अड्डे पर एहतियात बरती गई जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय स्थल रहते हुए भी यहाँ संक्रमण नहीं फैल पाया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी के द्वारा निर्धारित मानक प्रक्रिया(एसओपी)के तहत सारे कार्य किए जाने हैं। सभी यात्रियों के पास मास्क एवं ग्लब्स हो यह सुनिश्चित करना है, सभी की मेडिकल स्क्रीनिंग होगी। यद्यपि जो स्वस्थ है उन्हें ही भेजा जा रहा है लेकिन फिर भी एहतियात बरतनी होगी।
बैठक में सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट श्री वीके सिंह ने भारत सरकार के एयरपोर्ट अथॉरिटी के द्वारा निर्धारित मानक को बिंदुवार पढ़कर सबों को सुनाया।
इसके उपरांत गया हवाई अड्डे के विमानपत्तन निदेशक श्री दिलीप कुमार ने विदेशी बिहार वासियों के आगमन के दौरान हवाई अड्डा पर किए जाने वाली तैयारी को पावर पॉइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से दिखाया।

आयुक्त महोदय ने कहा कि उनके समान के बैग को सेनेटाइज करने के लिए मूविंग ट्राली पर ही सैनिटाइजर स्प्रिंकलर लगवाना पड़ेगा। गया हवाई अड्डा पर निजी गाड़ी एवं अनाधिकृत व्यक्तियों के लिए प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एयरपोर्ट के मुख्य द्वार पर इसके लिए बेरिकेटिंग लगाई जाएगी। यदि कोई अनाधिकृत व्यक्ति प्रतिबंधित क्षेत्र में पाया जाएगा, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी यात्री के रिश्तेदार या घर वाले का हवाई अड्डा पर प्रवेश प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने हवाई अड्डा के सभी कर्मियों को भी यह संदेश देने के निर्देश दिए कि उनके भी यदि कोई रिश्तेदार हैं तो उनसे भी मिलने उनके परिजन नहीं आएंगे। उन्होंने बसों में यात्रियों को बैठाने के लिए हवाई अड्डा के चार पांच स्थल उन्हें एकत्रित करने के लिए चिह्नित कर लेने को कहा ताकि किसी खास स्थान के होटल/गेस्ट हाउस/मोनास्ट्री में जाने वाले को एक जगह एकत्रित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राजा देखा जाता है कि जिन चीजों को सैनिटाइज करना है उन्हें ना कर अन्य चीजों को सैनिटाइज किया जाता है, जैसे कुर्सी के हाथ, सीढ़ी की रेलिंग, ग्लास इत्यादि जहां लोगों के हाथ अधिक परते हैं उन्हें सेनेटाइज किया जाना आवश्यक है। हवाई अड्डा की अधिकतर चीजें स्टील की हैं, इसलिए सेनेटाइज करने में ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है। यात्रियों की सुविधा के लिए एक बस के निकलने के बाद ही दूसरी बस पर लोग बैठेंगे, वह भी सोशल डिस्टेंसिंग(सामाजिक दूरी) का अनुपालन करते हुए। यह सुनिश्चित करने को उन्होंने कहा।
आयुक्त महोदय ने इसकी पूरी तैयारी करके एक बार हवाई अड्डा पर मॉक ड्रिल कर लेने का निर्देश विमानपत्तन निदेशक को दिया।
बैठक में जिलाधिकारी गया श्री अभिषेक सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट श्री बी के सिंह, आयुक्त के सचिव श्री अफजालुर रहमान, कस्टम के पदाधिकारी, आईबी के पदाधिकारी, सभी एयरलाइंस के पदाधिकारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
उप निदेशक जनसंपर्क,
मगध प्रमंडल, गया।



Leave a Reply