गोपालगंज/पटना, बिहार: बिहार की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आने वाली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 मार्च को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे गोपालगंज में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दी।

नित्यानंद राय ने सोमवार को गोपालगंज में थावे भवानी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे सदर प्रखंड के चैनपट्टी स्थित न्यू पुलिस लाइन के पास कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को होने वाली इस रैली के जरिए बिहार में भाजपा लोकसभा चुनाव के बाद अपनी पहली बड़ी राजनीतिक रैली करने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह सभा ऐतिहासिक होगी और भाजपा-एनडीए की एकजुटता का स्पष्ट संदेश देगी।

नित्यानंद राय ने कहा, “देश को राम भी चाहिए और रोटी भी।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा न केवल सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों की रक्षा कर रही है, बल्कि गरीबों और आम लोगों की जिंदगी में खुशहाली लाने के लिए लगातार काम कर रही है। राय ने कहा कि अमित शाह का यह दौरा बिहार में एनडीए के लिए नई ऊर्जा और दिशा तय करेगा।

कार्यक्रम के तहत गृह मंत्री अमित शाह पटना में एनडीए नेताओं के साथ एक अहम बैठक भी करेंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी सहित एनडीए घटक दलों के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में आगामी चुनावी रणनीति, सीट बंटवारे और गठबंधन की मजबूती को लेकर चर्चा होगी।

भाजपा के इस बड़े आयोजन को लेकर कार्यकर्ता गांव-गांव में लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। गोपालगंज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है। हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।



Leave a Reply