BIHARBreaking NewsMOTIHARIPolitics

तेजस्वी की सरकार बनने से कोई माई का लाल नहीं रोक सकता” – मोतिहारी में गरजे लालू यादव

मोतिहारी, बिहार: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने मोतिहारी के कोटवा प्रखंड स्थित जसौली जमुनिया गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में जोरदार भाषण देते हुए दावा किया कि बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा, “तेजस्वी की सरकार बनने से अब कोई माई का लाल नहीं रोक सकता।” लालू यादव के इस बयान से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद राजद समर्थकों में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला।

लालू प्रसाद यादव यहां कल्याणपुर से राजद विधायक मनोज कुमार यादव के पिता, दिवंगत समाजवादी नेता कामरेड यमुना यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने यमुना यादव को याद करते हुए कहा कि वे एक महान समाजवादी नेता थे, जिन्होंने गरीबों, किसानों और मजदूरों के हक में आजीवन संघर्ष किया।

करीब आठ मिनट के अपने संबोधन में लालू यादव ने भोजपुरी भाषा में जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना है और इसके लिए कल्याणपुर सहित पूरे जिला की सभी सीटों पर राजद उम्मीदवारों को जीत दिलानी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि “तेजस्वी यादव की माई-बहन योजना गरीब महिलाओं के जीवन में बदलाव लाएगी।” इसके बारे में गांव-गांव जाकर प्रचार करने की अपील भी उन्होंने कार्यकर्ताओं से की।

सभा के बाद लालू यादव विधायक मनोज कुमार यादव के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने स्व. यमुना यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। लालू यादव के मोतिहारी आगमन को लेकर राजद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। दोपहर करीब एक बजे उनके पहुंचने पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग लालू यादव को देखने और सुनने के लिए घंटों इंतजार करते रहे।

इस कार्यक्रम में जिले भर से राजद के नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम में लालू यादव की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.