Breaking News

बेनीबाद ; विनाशकारी बागमती बॉंध के निर्माण पर तत्काल रोक लगाओ

चास वास जीवन बचाओ बागमती संघर्ष मोर्चा की ओर से कई वर्षों से रुके हुए विनाशकारी बागमती बॉंध को पुलिस के बल पर फिर शुरू करने के खिलाफ आज बेनीबाद में एक महापंचायत का आयोजन किया गया। कई वर्ष पूर्व गठित रिव्यू कमेटी की एक बार भी बैठक नहीं हुई है ।
इस अवसर पर बोलते हुए भाकपा माले के सिकटा से विधायक कॉ .वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि चंपारण के सिकरहना, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, समस्तीपुर के बागमती और कटिहार, पूर्णिया के महानंदा पर बॉंध का निर्माण इलाके के लोगों की मांग पर नहीं बल्कि इंजीनियर, ठेकेदार और सरकार में कायम लोगों के स्वार्थों को पूरा करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं।इसे सदन में भी मजबूती से उठाया जाएगा और जनता के बल से भी लड़ाई लड़ी जाएगी।गायघाट के राजद विधायक श्री निरंजन राय ने कहा कि वे लोग अपने संगठन के साथ इस आंदोलन का समर्थन करेंगे। मोर्चा के संयोजक जितेंद्र यादव ने कहा कि हम लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं। सरकार नहीं मानेगी तो जनबल से काम को रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बॉंध को रोके और जल निकासी के रास्ते को विस्तार दे। बॉंध इस इलाके की खेती और आवास को नष्ट कर देगा।
इस आंदोलन का समर्थन करने के लिए चंपारण में सिकरहना नदी पर बन रहे बॉंध का विरोध कर रहे मनोज कुमार यादव और तौसीफुर रहमान ने इस आंदोलन के प्रति एकजुटता जाहिर की और और इसे आगे भी समर्थन देने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपनी बात करते हुए लोगों ने कहा कि अपनी जीविका,वास और अपने समाज से वंचित करनेवाले इस बॉंध को वे किसी कीमत पर नहीं बनने देंगे और अपनी हिफाजत के लिए पूरी ताकत लगा देंगे। उन लोगों ने कहा कि औराई में कई गांव में अब तक बॉंध का पूरा पैसा नहीं मिला है, कुछ गांव में मकान मय सहन का बिल्कुल भुगतान नहीं हुआ है।कई गांव में लोगों को नोटिस देकर भी सैकड़ों लोगों को भुगतान नहीं किया गया है। बड़े पैमाने पर लोग खाता -खेसरा,नाम में गड़बड़ी के शिकार हैं और कोर्ट तक जाने के बावजूद मुआवजा का इंतजार कर रहे हैं।जीवाजोर और बेनीपुर को छोड़कर अभी तक किसी गांव को पुनर्वासित नहीं किया गया है। भीतर खेती चौपट हो गयी है और जंगली जानवर का उत्पात शुरू हो गया है।
सरकार हमारी जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है जिसे हम स्वीकार नहीं करेंगे।
महापंचायत में भाकपा माले के जिला सचिव कृष्ण मोहन, सूरज कुमार सिंह, आफताब आलम,फहद जहां के अलावा उपेंद्र पांडेय,सुनील यादव, बैजनाथ राय, जगरनाथ पासवान, बब्लू जी,मदन झा, मोहन मिश्र, नीरज ठाकुर,मोनाजिर हसन, राहुल कुमार, रामलोचन सिंह , विवेक कुमार , रविन्द्र सिंह के अलावा अनेक लोगों ने संबोधित किया।
रंजीत सिंह और नवल किशोर सिंह ने आंदोलन के लिए लोगों से सहयोग का आह्वान किया। महापंचायत की अध्यक्षता श्री बैजनाथ मिश्र ने किया।
अंत में 26 मार्च को विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.