पटना: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में हुई 18 लोगों की मौत पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दुख जताया है। तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि सरकार इस मामले में लीपापोती कर रही है। दरअसल, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार की रात भारी भीड़ और अफरा-तफरी के कारण भगदड़ मच गई। जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 9 महिलाएं, 5 बच्चे और 4 पुरुष शामिल हैं। कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल में किया जा रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। मिली जानकारी के अनुसार भगदड़ में बिहार के 3 लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल मुतकों की पहचान हो रही है। बिहार के रहने वाले एक युवक की माँ की मौत भी इस हादसे में हो गई है।
तेजस्वी ने ट्विट कर कहा कि, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्था एवं भगदड़ के कारण हुई असामयिक मौतों से मन व्यथित है। इतने सरकारी संसाधनों के बावजूद भगदड़ में श्रद्धालुओं की जाने जा रही है तथा डबल इंजन सरकार इन दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की लीपापोती कर PR करने में व्यस्त है। आमजनों व श्रद्धालुओं की बजाय सरकार का ध्यान मीडिया प्रबंधन, VIP लोगों की सुविधा और उनकी व्यवस्था तक ही सीमित है।






Comment here