Breaking News

सीएम नीतीश कुमार ने नई दिल्ली भगदड़ पर जताया दुख, बिहार के प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान

पटना: नई दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख जताया है. मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है. 

सीएम नीतीश ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बिहार के रहनेवाले मृतकों के आश्रितों को 2 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान एवं घायलों को 50 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की उम्मीद में यात्रियों की भारी भीड़ प्लेटफार्म नंबर 14 और 15 पर पहुंची, इसी दौरान यह घटना हो गई. महाकुंभ जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहे यात्रियों की संख्या बहुत अधिक थी, जिसके कारण भीड़भाड़ और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई. इसी दौरान भगदड़ मच गई. अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर मृतकों की पहचान हो चुकी है. दो लोगों की पहचान अभी भी नहीं हो पाई है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.