पटना: बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2025 का आयोजन प्रदेश के 1677 परीक्षा केंद्रों पर चल रहा है. इसी बीच बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने निर्देश जारी किया है कि गुरुवार 6 फरवरी से परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थी जूता मोजा पहनकर नहीं जाएंगे
इससे पहले 5 फरवरी तक परीक्षार्थियों को ठंड की स्थिति को देखते हुए परीक्षा केंद्र में जूता मोजा पहन कर जाने की अनुमति दी गई थी. इस संबंध में समीक्षा बैठक के बाद बिहार बोर्ड की ओर से निर्देश जारी किया गया है कि 6 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित परीक्षाओं में विद्यार्थियों का जूता मोजा पहनकर परीक्षा भवन में प्रवेश वर्जित रहेगा और उन्हें प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.

बहरहाल इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को प्रदेश से सात परीक्षार्थी कदाचार के आरोप में निष्कासित किए गए. जबकि तीन परीक्षार्थी दूसरे के बदले परीक्षा देते पकड़े गए. मधेपुरा से तीन और मुजफ्फरपुर, नवादा से दो-दो परीक्षार्थी निष्कासित किए गए. जबकि नवादा, अरवल और खगड़िया से एक-एक परीक्षार्थी दूसरे के बदले परीक्षा देते पकड़े गए. इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में गणित विषय की परीक्षा और दूसरी पाली में पॉलिटिकल साइंस विषय की परीक्षा आयोजित की गई.

वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को पहली पाली में विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए फिजिक्स विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी. वहीं दूसरी पाली में कला संकाय के परीक्षार्थियों के लिए ज्योग्राफी विषय और वाणिज्य संकाय की परीक्षार्थियों के लिए बिजनेस स्टडीज विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी.



Comment here