Breaking News

प्रगति यात्रा पर सीएम नीतीश, दरभंगा को 2 हजार करोड़ की 180 योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को प्रगति यात्रा के क्रम में दरभंगा पहुंचे। सिंहवाड़ा प्रखंड के सिमरी में वृहद आश्रय गृह व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों एवं टोला सेवकों से मुलाकात की। यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, राज्यसभा सांसद संजय झा सहित कई अन्य मंत्री व नेता साथ थे। सीएम ने कुल मिलाकर 180 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जिनकी लागत दो हजार करोड़ है। मुख्यमंत्री ने स्थल पर जाकर जिले में चल रही जनहित की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

इस अवसर पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने सीएम का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखने आए लोगों ने दो हजार करोड़ से अधिक की राशि जिले को देने के लिए धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विशेष हेलीकॉप्टर से सिंहवाड़ा प्रखंड के भराठी पहुंचकर वृहद आश्रय स्थल का लोकार्पण कर प्रगति यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद सिमरी के चंदसार में मत्स्य विपणन किट तथा मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों से मुलाकात की। पंचायत सरकार भवन परिसर में सात निश्चय संबंधी विभिन्न योजनाओं का अवलोकन एवं निरीक्षण किया। मध्य विद्यालय सिमरी स्थित केजीबीवी के भवन का लोकार्पण कर पोषण वाटिका का निरीक्षण किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री सिमरी हाई स्कूल परिसर में विभागीय योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास व उद्घाटन कर विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर जीविका दीदी, टोला सेवक, विकास मित्र आदि से मिले। 11.30 बजे मुख्यमंत्री ने दरभंगा शहर के दिल्ली मोड़ बस स्टैंड में इसे अंतरराज्यीय बस पड़ाव स्थल के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव संबंधी मॉडल का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई निर्देश दिये।

इसके बाद उन्होंने हराही तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का अवलोकन किया। वहीं, शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए दोनार चौक का अवलोकन कर कर्पूरी चौक पर जाम की समस्या को लेकर बनाये गए डिजाइन का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने एसएसपी कार्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.