Breaking News

चर्च और घरों में खुशियां मनाने की तैयारी, रात 11.30 बजे होगा केरोल गीत; फिर मिस्सा पूजा

क्रिसमस के लिए उत्सवी माहौल है। ईसाई समुदाय के घरों और चर्च में प्रभु यीशु के जन्म लेने की खुशियां मनाने की तैयारी जोरों पर है। प्रभु यीशु के आगमन को लेकर हर कोई उत्साहित है। क्रिसमस को सेलिब्रेट करने के लिए समुदाय के लोगों की नजर मध्यरात्रि घड़ी में 12 बजे की सुई पर है। मंगलवार की मध्य रात्रि में जैसे ही घड़ी की सुई 12 को पार करेगी, चर्च और घरों में हैप्पी क्रिसमस-मेरी क्रिसमस गूंज उठेगा।

लेनिन चौक स्थित संत फ्रांसिस असीसी चर्च में क्रिसमस के अवसर पर आज देर रात काफी भीड़ जुटेगी। यहां प्रभु यीशु का जन्मोत्सव परंपरागत तरीके से मनाया जाता है। चर्च परिसर में गोशाला बनाई गई है। इसमें प्रभु यीशु के जन्म की झांकी बनाई गई है। देर रात पूजा के बाद प्रभु यीशु के बाल्यरूप को यहां रखा जाएगा। इससे पूर्व यहां मिस्सा पूजा एवं जन्म को लेकर अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

फादर विकास ने कहा कि रात्रि 11.30 बजे केरोल गीत शुरू होगा। उसके बाद मिस्सा पूजा होगी। 12 बजते ही जन्म का अनुष्ठान पूरा किया जाएगा। 25 दिसंबर क्रिसमस के अवसर पर सुबह 7.30 बजे मिस्सा पूजा होगी। उधर, कन्हौली स्थित संत जोसेफ चर्च में भी गोशाला बनाई गई है। यहां भी भव्य तरीके से प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाई जाएंगी। फादर एलेक्स ने कहा कि समुदाय के लोग प्रभु के आगमन को लेकर उत्साहित एवं हर्षित हैं।

चक्कर चौक स्थित क्राइस चर्च, चर्च आफ नार्थ इंडिया में आज रात आठ बजे से आराधना होगी। भजन कीर्तन व प्रभु यीशु के जन्म के गीत गाए जाएंगे। बाइबिल का पाठ होगा।फादर आचार्य विरेंद्र कुमार ने कहा कि 25 दिसंबर को सुबह आठ बजे से क्रिसमस की आराधना होगी। आम जनता के लिए सुबह 10 से संध्या पांच बजे तक चर्च खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि चर्च परिसर में पान, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन कर प्रवेश वर्जित रहेगा।

जैक्शन मेमोरियल मैथोडिसट चर्च में आज क्रिसमस उत्सव

गोशाला रोड स्थित जैक्शन मेमोरियल मैथोडिसट चर्च में मंगलवार की रात क्रिसमस उत्सव व ड्रामा का आयोजन होगा। संध्या छह बजे से चर्च परिसर में इसका आयोजन होगा। फादर अनुग्रह जाय ने कहा कि 25 दिसंबर को सुबह नौ बजे क्रिसमस की आराधना होगी। उन्होंने कहा कि चर्च में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.