Breaking News

जिले में चल रहा नाइट ब्लड सर्वे, फाइलेरिया प्रसार दर का लगेगा पता

वैशाली। जिले में फाइलेरिया के प्रसार दर का पता लगाने के लिए नाइट ब्लड सर्वे चलाया जा रहा है। इसका उद्घाटन नेत्र जांच शिविर के साथ सिविल सर्जन डॉ श्यामनंदन प्रसाद, एडीएम विनोद कुमार सिंह एवं अरुण कुमार ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य मीनापुर से किया था। केंद्र पर एडीएम विनोद कुमार सिंह ने ब्लड सैंपल देकर इसकी शुरुआत की थी। जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डॉ गुड़िया कुमार ने बताया कि जिले में मंगलवार तक नाइट ब्लड सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए पूरे जिले में 34 साइट बनाए गए हैं। प्रत्येक सत्रों पर रात के 8:30 बजे से 12 बजे तक कम से कम 300 लोगों के रक्त नमूने लिए जाएंगे। जांच में पॉजिटिव आए लोगों को सूचित भी किया जाएगा। फाइलेरिया के प्रसार दर का पता लगने के बाद सर्वजन दवा सेवन के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया जाएगा।
रात को ज्यादा सक्रिय होते हैं माइक्रोफाइलेरिया:
डॉ गुड़िया ने बताया कि रात में नाइट ब्लड सर्वे कराने का मुख्य मकसद है कि शरीर में माइक्रोफाइलेरिया रात में ही ब्लड में एक्टिव होते हैं। इसलिए उक्त अवधि की ब्लड सैंपलिंग फाइलेरिया जांच में काफी महत्वपूर्ण होती है। मौके पर मीनापुर के स्वास्थ्य प्रभारी, जिला भीबीडीसी विभाग से राजीव कुमार, धीरेंद्र, निहाल, अमित, पीयूष चंद्रा, कोमल व मीनापुर के कर्मचारी मौजूद थे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.