Breaking News

पुलिसकर्मियों के लिए नीतीश सरकार ने ले लिया बड़ा फैसला, अब इस काम के लिए मिलेंगे 2 लाख रुपये

पटना। राज्य के पुलिसकर्मियों के सहायता एवं कल्याण कोष में बदलाव किया गया है। कैंसर और किडनी-लिवर प्रत्यारोपण के लिए पुलिसकर्मियों को अब दो लाख का अनुदान मिलेगा। अभी तक यह राशि एक लाख रुपये थी।

इसी तरह घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण के लिए भी अब पुलिसकर्मियों को एक लाख का चिकित्सा अनुदान मिल सकेगा। पहले इसकी व्यवस्था नहीं थी। पुलिस मुख्यालय के डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि अक्टूबर माह में केंद्रीय प्रशासी समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

पुलिसकर्मियों के सहायता एवं कल्याण कोष के आवेदनों का निष्पादन भी हुआ है। मई के बाद 27 आवेदनों को स्वीकृत करते हुए 14 लाख 75 हजार की राशि अनुमोदित की गई है। अनुदान के 294 आवेदनों की समीक्षा कर 62 लाख 75 हजार मात्र की स्वीकृति दी गई है।

पुलिस शिक्षा कोष से सहायता अनुदान के 573 आवेदन को स्वीकृत किया गया है, जिसके एवज में एक करोड़ तीन लाख 88 हजार की राशि की अनुशंसा की गई है।

12 शहीदों के आश्रितों को तीन करोड़ का अनुदान

  • बिहार पुलिस परोपकारी कोष के तहत शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रितों को 25 लाख अनुदान देने का प्रविधान किया गया है।
  • इसके तहत वर्ष 2023 के अब तक कर्तव्य के दौरान शहीद हुए 12 पुलिस पदाधिकारियों के आश्रितों को कुल तीन करोड़ का अनुदान दिया जा चुका है।
  • बिहार पुलिस शिक्षा कोष के तहत एमबीबीएस और आइआइटी पाठ्यक्रम के लिए मिलने वाले अनुदान की राशि भी 48 हजार से बढ़ाकर 60 हजार कर दी गई है।

सोनपुर मेले में जनसंवाद कार्यक्रम से जुड़े छह लाख लोग

सोनपुर मेले में बिहार पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे जनसंवाद के कार्यक्रम को आनलाइन प्लेटफार्म पर खूब सराहना मिल रही है। डीजी जीएस गंगवार ने बताया कि अभी तक चार विषयों पर चर्चा की गई है, जिसे छह लाख से अधिक लोगों ने देखा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.