Breaking News

देर रात अस्पताल में अचानक खतरनाक सांप लेकर पहुंच गया व्यक्ति, मरीज से लेकर डॉक्टर तक रह गए सन्न

जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के फैब्रिकेटेड अस्पताल में मंगलवार की रात एक अनोखा मामला सामने आया। दरअसल, जीरोमाइल थाना क्षेत्र के मीराचक निवासी 48 साल के प्रकाश मंडल को रसल वाइपर सांप ने काट लिया।

जैसे ही प्रकाश को पता चला कि उन्हें सांप ने काट लिया है। इसके बाद, उन्होंने सांप को पकड़ा और सीधे अस्पताल लेकर पहुंच गए। प्रकाश के साथ इनके परिजन भी थे।

आसपास के लोगों ने बताया कि शाम को प्रकाश अपने घर में लेटे थे। तभी सांप ने हाथ में काट लिया। एहसास होने पर सचेत हुए। लाइट जला कर देखा तो काटने के बाद सांप भाग रहा था। इसके बाद प्रकाश ने किसी तरह से सांप को पकड़ लिया।

सांप को देखकर कर्मचारी भी हो गए परेशान 

इसके बाद सांप को लेकर सीधे अस्पताल लेकर आए। दूसरी ओर प्रकाश के हाथ में लंबा सांप देख अस्पताल के कर्मचारी भी परेशान हो गए। ट्राली मैन यह सोचने लगे कि इनको ट्राली पर कैसे बैठाया जाए।

वहीं, सांप को प्रकाश के परिजनों ने एक बोरे में बंद कर अस्पताल परिसर के अंदर ही सुरक्षित रखा है। हेल्थ मैनेजर वीरमणी ने बताया प्रकाश का इलाज जारी है। वहीं सांप को सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गयी है।

आधे दर्जन पशु तस्कर गिरफ्तार, पांच पूर्णिया के

वहीं एक मामले की बात करें तो खगड़िया में स्थानीय लोगों के सहयोग से सोमवार की रात पशुओं की चोरी करने मोरकाही थाना क्षेत्र के खैरी गांव आए आधे दर्जन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पूर्णिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पशु तस्करों द्वारा मवेशी की चोरी करके हाट- बाजार में बिक्री किया जाता था। स्थानीय ग्रामीणों व मोरकाही पुलिस की सक्रियता से खगड़िया के मुफस्सिल थाना अंतर्गत कुम्हरचक्की गांव के रणवीर उर्फ रंजीत यादव, पूर्णिया के डगरूआ थाना क्षेत्र के मु. रिजवान, मु. रईस, मु. तहसीन, पूर्णिया के बरसोनी क्षेत्र के मु. तहसीन और कृष्णा ऋषि को गिरफ्तार किया गया है।

तस्करों के पास से ये चीजें बरामद

तस्करों के पास से पांच मोबाइल, नौ हजार नगद और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया है। एसपी चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि तस्करों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से उक्त गांव के अभिषेक के घर पर मवेशी चोरी करने का प्रयास किया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने सजगता दिखाई। पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस अवर निरीक्षक राजू कुमार और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तस्करों ने पूछताछ के दौरान बताया कि रणवीर यादव द्वारा चोरी की योजना बनाई जाती थी और योजनाबद्ध तरीके से मवेशी चोरी को अंजाम दिया जाता था।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.