Breaking News

महाअष्टमी पर CM नीतीश कुमार ने किए माता के दर्शन, विकास कार्यों का भी किया उद्घाटन

पटना: देश भर में दशहरे की धूम है. बिहार की राजधानी पटना में भी दशहरे की खास रौनक देखी जा रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को महाअष्टमी पर पटना के कई पूजा पंडालों में जाकर पूजा अर्चना की. इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा से राज्य और राज्यवासियों के सुख, समृद्धि का कामना की.

नीतीश कुमार सबसे पहले अगमकुआं स्थित शीतला माता मंदिर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने ‘मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना’ के तहत मां शीतला मंदिर अगमकुआं परिसर की चाहरदीवारी और सुविधाओं के विकास कार्य का उद्घाटन किया. यह स्थल पटना की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है. इसके बाद उन्होंने अगमकुआं के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में पूजा की.

इसके बाद सीएम पटना सिटी स्थित बड़ी पटनदेवी मंदिर और छोटी पटनदेवी मंदिर भी पहुंचे. मुख्यमंत्री ने पुरोहितों के मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा कराई. मुख्यमंत्री ने मां शीतला देवी, मां बड़ी पटनदेवी एवं मां छोटी पटनदेवी माता से राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं प्रगति की कामना की. मुख्यमंत्री ने बड़ी पटनदेवी मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का भी जायजा लिया और कार्य को जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया

इसके बाद मुख्यमंत्री ने मारूफगंज स्थित श्री श्री बड़ी देवी जी तथा श्री श्री दलहट्टा देवी जी जाकर भी मां भगवती दुर्गा की पूजा अर्चना की. मारूफगंज मारवाड़ी सेवा समिति द्वारा मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, पाग एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया.

पूजा अर्चना के दौरान जल संसाधन एवं संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी डॉ चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा सहित आयोजक, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित थे.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.