Breaking News

मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे कन्हैया कुमार, कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट

कांग्रेस ने दिल्ली में अपने खाते की तीनों सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाया है. वह बीजेपी के मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे. पार्टी नेता राहुल गांधी ने खुद कन्हैया कुमार की पैरवी की. इस सीट से पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन राहुल गांधी के हस्तक्षेप से यह सीट कन्हैया को मिल गई.

कांग्रेस ने चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल को टिकट दिया है. हालांकि, इस सीट से अलका लांबा और संदीप दीक्षित चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन दोनों को ही इस सीट से महरूम होना पड़ा. वहीं नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से उदित राज चुनाव लड़ेंगे. कांग्रेस ने अपनी ताजा लिस्ट में 10 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. इस लिस्ट में दिल्ली के तीन उम्मीदवारों के अलावा पंजाब के लिए छह और उत्तर प्रदेश के लिए एक उम्मीदवार शामिल हैं.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी चाहते थे कि कन्हैया कुमार ही मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ें और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने की पैरवी भी की. स्क्रीनिंग कमेटी ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के नाम का प्रस्ताव रखा था, लेकिन मामला उलझ गया. कन्हैया कुमार बेगुसराय से आते हैं और यहीं से वह लोकसभा का चुनाव लड़ने के मूड में थे लेकिन कांग्रेस यह सीट राजद से नेगोशिएट नहीं कर पाई.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.