Delhi metro news: दिल्ली मेट्रो में हादसे का शिकार हुई साड़ी वाली महिला के परिजनों के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने मुआवजे का ऐलान किया है. डीएमआरसी की तरफ से महिला के परिवार को 15 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर हुए हादसे की जांच के बाद दिल्ली मेट्रो ने यह फैसला किया है. अभी तक डीएमआरसी मेट्रो ट्रेन हादसे में मौत पर 5 लाख रुपये मुआवजा देती थी लेकिन इस घटना के बाद राशि को 10 लाख रुपये और बढ़ाया गया है. यह अतिरिक्त मदद महिला की मौत से पीड़ित उसके दो छोटे बच्चों के लिए दी जाएगी.
बता दें कि बृहस्पतिवार 14 दिसंबर को दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के दरवाजे की चपेट में नांगलोई निवासी 35 वर्षीय महिला रीना आ गई थी. वह अपने बेटे के साथ सफर कर रही थी. तभी अचानक महिला की साड़ी या जैकेट ट्रेन के दरवाजे में फंस गई और वह मेट्रो ट्रेन के साथ काफी दूर तक घिसटती रही और फिर मेट्रो ट्रेन गुजरने के बाद ट्रैक पर गिर पड़ी. इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी. महिला को तत्काल सफदरजंग अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां 16 दिसंबर को उसकी मौत हो गई.




Leave a Reply