Breaking News

किशोरियों के निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करें: रजनी

पटना : किशोरियों को सशक्त बनाने में समाज के सभी लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है. भारत दुनिया की सबसे बड़ी किशोर आबादी वाला देश है. किशोर—किशोरियों को सशक्त बनाना सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से एक परिवार के लिए फायदेमंद होता है. किशोरियों के लिए एक ऐसे माहौल को तैयार करना जिसमें उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा सके, वर्तमान समय की मांग है. किशोरियां रूढ़िवादी सामाजिक मानदंडों के कारण काफी संवेदनशील होती है और कई कारणों से उनकी आजादी छिन जाती है. स्वयं से जुड़े निर्णय लेने में उनकी भूमिका काफी कम ही होती है. स्वतंत्र रूप से घूमने, शिक्षा प्राप्त् करने, नौकरी, शादी आदि के लिए किशोरियों की निर्णय लेने की भूमिका को बल देने की जरूरत है. यह बातें सहयोगी संस्था की निदेशिका ने बिहटा प्रखंड के सादिसोपुर पंचायत के कन्हौली गांव में जेंडर रिसोर्स सेंटर उद्घाटन के मौके पर कही. जेंडर रिसोर्स सेंटर का उदघाटन वार्ड सदस्य वैजयंती देवी ने रिबन काट कर किया. इस मौके पर स्थानीय युवतियों और किशोरियों ने हर्षोंउल्लास के साथ आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

बिना हिचकिचाहट बातें रख सकेंगी किशोरियां:
वार्ड पार्षद वैजयंती देवी ने बताया कि जेंडर रिसोर्स सेंटर स्थापित करने का उद्देश्य किशोरियों के लिए एक ऐसा मंच तैयार करना है जहां कोई भी किशोरी बिना किसी हिचकिचाहट के अपना प्रश्न रख सके और अपनी बात कह सके. कई कारणों से किशोरियां अपने मन की भावनाओं को दबा देती हैं. यह उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा है. बातों के दबा देने से मन कुंठित रहता है. ऐसे में उनका सामाजिक और पारिवारिक जीवन प्रभावित होता है. अपनी बातों को उन्मुक्त तरीके से रखने से उनके मन में उभरने वाले सवालों का जवाब मिलता है और वह एक बेहतर समाज तैयार कर पाती हैं. उन्होंने बताया कि किशोरी केंद्र पर किताब के अलावा खेलकूद की सामग्री रखी गयी है. पढ़ाई के साथ खेलकूद की भावना किशोरियों के लिए जरूरी है. यह समाज को एक संकेत हैं कि बच्चियों को किशोरवस्था में प्रवेश करने के बाद भी खेलकूद से दूर नहीं करें. इससे उनका स्वास्थ्य बेहतर होता है. साथ ही किशोरियों के मन में अपने प्रति आत्मविश्वास रहता है. इस कार्यक्रम के दौरान सहयोगी की निदेशिका रजनी सहित लाजवंती, निर्मला, शारदा, धर्मेंद्र, नीतीश, सपना, प्रियंका, रुबी और कुलसूम व अन्य सदस्य मौजूद रहे.

केंद्र जरूरी जानकारी साझा के लिए महत्वपूर्ण:
रजनी ने बताया ​कि किशोरी केंद्र किशोरियों के संपूर्ण विकास को ध्यान में रख कर काम करेगा. मासिक धर्म और हाइजीन की जानकारी, समय पर विवाह, गर्भधारण, गर्भपात, पोषण सहित कौशल विकास व अन्य विषयों पर खुल कर चर्चा करने और विचार विमर्श करने का मौका मिल सकेगा.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.