Breaking NewsJHARKHAND

बड़ी खबर: झारखंड में क्वारंटाइन सेंटर से भागे 278 लोग, पैदल ही बंगाल की ओर जाते समय पुलिस ने पकड़ा…

झारखंड के मैथन (धनबाद)  के बीएसके कॉलेज मैथन में 30 मार्च से क्वांरटाइन में रखे गए पश्चिम बंगाल मुर्शिदाबाद के 278 लोग नाश्ता का बहिष्कार कर अपने घर के लिए निकल गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़ा। लोगों का कहना था कि क्वांरटाइन अवधि पूरी होने के बाद भी धनबाद प्रशासन उन्हें नहीं छोड़ रहा है।
इससे नाराज लोग सुबह आठ बजे से ही नाश्ते का बहिष्कार कर आंदोलन करने लगे। सभी कॉलेज का पिछला गेट खोलकर पैदल ही अपने गांव के लिए निकल गए।

सूचना पाकर पुलिस महकमा का हाथ-पांव फूलने लगा। मैथन थानेदार डी टोपनो, निरसा एसडीपीओ विजय कुमार, बीडीओ विजेंद्र कुमार ने मैथन संजय चौक पहुंचकर पैदल ही बंगाल की तरफ जा रहे लोगों को रोका। काफी समझाने बुझाने के बाद लोगों को पुन: वापस बीएसके कॉलेज में लाया गया। लोगों की मांग थी कि उनकी क्वारटाइन अवधि पूरी हो चुकी है। इसलिए उन्हें अपने घर जाने दिया जाए। प्रशासन ने लॉकडाउन तक यहीं रहने की बात कही। बाद में काफी समझाने बुझाने के बाद लोग शांत हुए।

बता दें कि कॉलेज में ठहराये गये लोग हर दिन घर जाने के लिए हंगामा करते हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें शांत करा दिया जाता है। इसी बीच पानी का टैंकर अंदर जाने के लिए खुला तो कुछ लोग गेट पर आकर धरना पर बैठ गए और टैंकर को बाहर नहीं निकलने दिया। लोग बार-बार घर जाने के लिए गुहार लगा रहे थे। थक-हार कर लोग एक बजे गेट से निकलकर एनएच टू के रास्ते बंगाल की ओर जाने लगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.