Breaking News

प्रदेश में बढ़ी मानसून की सक्रियता, पटना समेत कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान

पटना: बिहार में इन दिनों मानसून की सक्रियता एक बार फिर से बढ़ गई है. ऐसे में प्रदेश में बारिश की गतिविधि बनी हुई है. आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई है. धूप छांव का खेल चल रहा है. मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है. जिस वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है.

मौसम विभाग ने आज गुरुवार को पटना, किशनगंज, अररिया, भागलपुर और मुंगेर जिलों के कुछ भागों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम स्तर के बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल उड़ीसा तट के पास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है.

इसके साथ ही एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र समुद्र तल से औसत 7.6 किलोमीटर ऊपर तक की ऊंचाई के साथ दक्षिण पश्चिम की ओर झुका हुआ है. यह निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में उत्तर पश्चिम से आगे बढ़कर झारखंड से गुजरने की संभावना है. इसके प्रभाव से अगले 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश देखने को मिलेगी.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.