Breaking News

26 सितंबर तक दो चरणों में जनसंख्या नियंत्रण पखवाडे का होगा आयोजन

मोतिहारी – जनसंख्या नियंत्रण के लिए आमजनों को जागरूक कर परिवार नियोजन से संबंधित स्थायी व अस्थायी विधियों की जानकारी देते हुए 26 सितंबर तक जनसंख्या नियंत्रण पखवाडे का आयोजन किया जा रहा है। यह पखवाड़ा दो चरणों में संचालित किया जाएगा। ये बातें जिले के आशा समन्वयक नंदन झा ने कही है। उन्होंने बताया कि 04 से 10 सितंबर तक दंपति संपर्क पखवाड़ा एवं 11 से 26 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान परिवार नियोजन के स्थायी व अस्थायी साधनों के उपयोग करने की जानकारी, आशा, नर्स व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी जाएगी। इस क्रम में कॉपर टी, गर्भ निरोधक सुई, बंध्याकरण व नसबंदी के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं गर्भ निरोधक गोली व अन्य सामग्री स्वास्थ्य केंद्रों पर वितरित की जाएगी। सिविल सर्जन डॉ.अंजनी कुमार ने बताया अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधि व सहयोगी संस्था से सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सही उम्र में शादी का महत्व, दो बच्चों के बीच पर्याप्त अंतर, छोटे परिवार का लाभ, मां व शिशु स्वास्थ्य की बेहतरी के लिये आवश्यक है।

सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने पर मिलती है प्रोत्साहन राशि:

डीसीएम नंदन झा व अनुश्रवण पदाधिकारी अमानुल्लाह ने बताया कि सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में निःशुल्क एवं सुरक्षित परिवार नियोजन के स्थायी व अस्थायी संसाधन उपलब्ध हैं। इसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि
लाभुक को सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी किया जाता है। पुरुष नसबंदी के लिये लाभुक को 3 हजार रुपये व उत्प्रेरक को 4 सौ रुपये बतौर प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वहीं महिला बंध्याकरण के लिए लाभार्थी को 2 हजार व उत्प्रेरक को 3 सौ रुपये देने का प्रावधान है। इसी तरह प्रसव के उपरांत बंध्याकरण के लाभार्थी को 3 हजार रुपये, उत्प्रेरक को 4 सौ रुपये दिये जाते हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.