Breaking NewsSTATEUTTAR PRADESH

लॉकडाउन में दिखी दिल्ली पुलिस की दिल छू लेने वाली तस्वीर, केक काटकर मनाया मजदूर की बेटी का जन्मदिन, देखें…

लॉकडाउन के बीच देशभर में पुलिस के अलग-अलग चेहरे देखने को मिल रहे हैं। कहीं पुलिस का सख्ती वाला रूप दिख रहा है तो कहीं पर ये खाना बनाते और बांटते हुए देखे जा सकते हैं।

इस बीच राजधानी दिल्ली में शनिवार को दिल्ली पुलिस का दिल को छू लेने एक वाला बेहद मानवीय चेहरा सामने आया है। लॉकडाउन के दौरान जहां लोगों को खाने-पीने के सामानों के लिए भी अनेक दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। वहीं, आज एक मजदूर की 4 साल की बेटी के जन्मदिन के मौके पर दिल्ली के फतेहपुरी बेरी थाने के पुलिस कर्मियों ने उसके लिए न सिर्फ केक की व्यवस्था की, बल्कि वहां के श्रमिक शिविर की सामुदायिक रसोई में उसके दोस्तों के साथ उसका जन्मदिन भी  मनाया गया। लड़की चंदन होला गांव की रहने वाली है।

बता दें कि, जानलेवा वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के खिलाफ दुनियाभर में जारी जंग में स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ ही सुरक्षा कर्मी भी सीधी लड़ाई लड़ रहे हैं। लोगों को इस बीमारी से बचाने के लिए वह अपनी जान की भी परवाह नहीं कर रहे हैं।

दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 1707 हुए

दिल्ली में शुक्रवार को मिले 67 नए केसों के बाद यहां कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 1707 हो गए हैं। इसके साथ ही चार और मरीजों की जान चले जाने के कारण यहां इस रोग से मरने वालों की संख्या 42 हो गई है।राजधानी दिल्ली में अब कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में शामिल किसी भी कर्मचारी की यदि कोरोना के संक्रमण से मौत होती है तो दिल्ली सरकार की ओर से उसके परिवार को 1 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

दिल्ली के मुख्यमंत्र अरविंद केजरीवाल शनिवार को कहा कि अभी तक उसमें स्वास्थ्य कर्मी डॉक्टर नर्स और अस्पताल के सफाई कर्मी ही शामिल थे। अब इसमें टीचर, सिविल डिफेंस कर्मी, पुलिस, समेत वो सभी वो लोग शामिल होंगे जो कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में ड्यूटी कर रहे हैं।

केजरीवाल ने बताया कि शुक्रवार को जहांगीरपुरी में एक कंटेनमेंट जोन में एक ही परिवार के 26 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। दिल्ली में कल 67 नए मामले सामने आए थे। पिछले 3 दिन में कोरोना के मरीजों में कमी आई है, लेकिन हमें अभी भी सतर्क रहना है। कल हमने 2274 सैंपल लिए उसमें 67 केस सामने आए, इसका मतलब बहुत तेजी से कोरोना नहीं बढ़ रहा, दिल्ली में अब 71 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आप सभी से हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं कि इस लॉकडाउन के दौरान घरों से ना निकलें, कोरोना से सुरक्षा आपके खुद के हाथ में है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.