मुजफ्फरपुर में आई फ्लू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आंखों में संक्रमण यानी आई फ्लू से ग्रसित लगभग एक चौथाई लोगों में सिर दर्द, बुखार और चक्कर आने की भी समस्या हो रही है। इनका बुखार- सिरदर्द तो सामान्य पैरासिटामोल से ठीक हो जा रहा है। लेकिन आंखों में लालीपन और दर्द की समस्या तीन दिनों से लेकर 7 दिनों तक रह रही है। इसलिए इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी किया है।

डॉक्टर उमेश चंद्र शर्मा – सिविल सर्जन
इन बातों का रखे ध्यान
सिविल सर्जन डॉ उमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि जिले के सभी ग्रामीण इलाकों के सरकारी अस्पताल को निर्देश दिया गया है कि आंख से संबंधित चिकित्सक अस्पताल में उपस्थित रहेंगे। आई फ्लू से संबंधित सभी दवाओं को भी रखने का आदेश दिया है। उन्होंने आई फ्लू से पीड़ित व्यक्ति को आंख नहीं मलने के लिए कहा है। काला चश्मा भी लगाने के लिए कहा है।
इसके साथ ही आंख के चिकित्सक से दिखाकर इलाज कराने की बात कही है। साथ ही कहा कि आई फ्लू से पीड़ित व्यक्ति दूसरे के संपर्क में ना जाए, ताकि संपर्क में आने वाले व्यक्ति आई फ्लू से बचे रहे। साफ सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखे। समय समय पर आंख और चश्मा को धोते रहना चाहिए।
क्यों होता है आई फ्लू
आई स्पेशलिस्ट संजीव कुमार गुप्ता बताते हैं कि आंख की समस्या से परेशान ज्यादातर लोग कंजक्टिवाइटिस यानी आई फ्लू की चपेट में है। आमतौर पर यह मौसम में नमी और उमस भरी गर्मी से आई फ्लू के मरीजों की संख्या में इजाफा हो जाता है। इसका एक अहम कारण मानसून में वायरस और क्लैमाइडिया इंफेक्शन का खतरा ज्यादा रहता है।इस मौसम में ह्यूमिडिटी की वजह से वायरस को जहां फैलने का मौका मिलता है। वहीं नमी की वजह से इन्फेक्शन हमारे शरीर में लंबे समय तक रहता है। ऐसा ही कुछ कंजक्टिवाइटिस के साथ भी है। इस मौसम में ज्यादा पसीना आने की वजह से लोग अपनी आंखों को बार-बार छूते हैं, जिसकी वजह से इंफेक्शन फैलने लगता है।
कैसे कर सकते है बचाव
एक्टिव आई फ्लू वाले लोगों को काला चश्मा का प्रयोग करना चाहिए। ऐसा करने से आंखों को बार-बार छूने और संक्रमण फैलने से रोकने में मदद मिलती है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी को बार-बार अपने हाथ और चेहरा धोते रहना चाहिए। यह संक्रमण हवा या आंखों के संपर्क से नहीं फैलती है। सीधे तौर पर तौलिया, चादर आदि के माध्यम से एक दूसरे तक फैल सकती है। आई फ्लू के दौरान संक्रमण से बचने के लिए पर्सनल चीजों को शेयर नहीं करना चाहिए। साफ सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए। इस बार बड़ों के साथ साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी संक्रमित हो रहे हैं।




Leave a Reply