Breaking News

पटना गया मुख्य मार्ग पर स्कूली बस और पिकअप में टक्कर, आधा दर्जन छात्र-छात्राएं जख्मी

पटना: सुबह पटना गया रोड में गौरीचक थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप और स्कूल बस में जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में स्कूल बस में सवार करीब आधा दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं जख्मी होने की सूचना है. इस घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. घटना की सूचना मिलते ही गौरीचक थाना पुलिस वहां पहुंची और जख्मी छात्र और छात्राओं को पास के ही प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज कराया गया.

घटना के संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूली बस और पिकअप में धक्का लग गया है. इस हादसे में स्कूल बस में सवार छात्र छात्राएं चोट लगने और डर से बेहोश हो जा रहे थे. कोई गंभीर रूप से जख्मी नहीं हुआ है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गौरीचक थाना क्षेत्र के जुझारपुर स्थित टेंडर हार्ट स्कूल की बस गुरुवार को स्कूली छात्र-छात्राओं को लेकर स्कूल जा रही थी. इसी क्रम में पावर ग्रिड के नजदीक विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर बस में टक्कर मार दी.

टक्कर लगते ही एक जोरदार आवाज के साथ गाड़ी सड़क के किनारे रुक गई. इस घटना के बाद स्कूली बस में सवार छात्र-छात्राओं के बीच अफरा तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में सभी छात्र छात्राओं को बस से निकालने के बाद सभी को सुरक्षित विद्यालय और कुछ छात्र छात्राओं को उनके घर पर पहुंचाया. इस बीच मौके पर सूचना पाकर गौरीचक थाने की पुलिस भी पहुंच गई.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.