Breaking News

PM मोदी और UP CM योगी आदित्‍यनाथ के आधार कार्ड में की छेड़छाड़, गुजरात पुलिस ने मुजफ्फरपुर से किया गिरफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के आधार कार्ड में छेड़छाड़ करने वाले को युवक को गुजरात पुलिस ने कांटी इलाके से गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में उसकी पहचान कांटी सदातपुर के अर्पण दुबे उर्फ मदन कुमार के रूप में हुई है, उसके पास से मिले मोबाइल में आधार कार्ड में छेड़छाड़ करने का साक्ष्य भी मिला है। इसके बाद पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है।

आरोपी को लेकर गुजरात के लिए रवाना हो गई पुलिस

गिरफ्तारी के बाद आरोपित को साथ लेकर गुजरात के अहमदाबाद साइबर थाने की पुलिस वहां के लिए रवाना हो गई। कांटी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने गुजरात पुलिस की छापेमारी में अर्पण दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

बता दें कि गुजरात पुलिस के साथ छापेमारी में अहियापुर व कांटी थाने की टीम भी सहयोग कर रही थी। बताया गया कि पिछले दिनों आरोपित द्वारा आधार कार्ड पोर्टल के माध्यम से पीएम व सीएम के आधार कार्ड में छेड़छाड़ किया था।

अहमदाबाद साइबर थाने की पुलिस ने शुरु की थी जांच

बताया गया कि आरोपितों द्वारा पीएम व सीएम की जन्म तिथि समेत अन्य डाटा में छेड़छाड़ का प्रयास किया था। इसके बाद गुजरात के अहमदाबाद साइबर थाने की पुलिस हरकत में आई। मामला दर्ज करने के बाद साइबर थाने की टीम इसकी जांच शुरू की।

इसी में मोबाइल के आईपी एड्रेस के जरिए पूरी डिटेल निकालकर आरोपित की गिरफ्तारी की कवायद शुरू की गई। इसके तहत बुधवार को अहमदाबाद साइबर थाने की टीम मुजफ्फरपुर पहुंची।

आरोपी युवक के भाई का मोबाइल भी किया जब्‍त

वरीय अधिकारियों को इससे अवगत कराने के बाद अहियापुर व कांटी थाने की टीम सदातपुर दुबे टोला में छापेमारी कर आरोपित को पकड़ा। पुलिस ने उसके भाई का भी मोबाइल जब्त कर लिया है।

पूछताछ में पता चला कि अर्पण मूल रूप से पारू गरीबा का रहने वाला है। सदातपुर में किराये के मकान में रहकर एक कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई करता है। पुलिस की मानें तो फर्जीवाड़ा करने के बाद उक्त आधार कार्ड का आरोपित द्वारा कई जगहों पर प्रयोग भी कर दिया गया था।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.