प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आधार कार्ड में छेड़छाड़ करने वाले युवक को अहमदाबाद के साइबर थाने की पुलिस मंगलवार को कांटी इलाके से गिरफ्तार कर ले गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अर्पण दुबे मूलरूप से पारू गरीबा का रहने वाला है। सदातपुर में किराये के मकान में रहकर एक कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई करने की बात बताई है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उसके पुराने रिकार्ड भी खंगाल रही है। इसके लिए उसके संबंधित थाने के अलावा अन्य थानों से भी संपर्क स्थापित किया गया है।
बता दें कि आरोपी के पास से मिले मोबाइल में आधार कार्ड में छेड़छाड़ करने का साक्ष्य भी मिला था। इसके बाद पुलिस ने उसके और उसके भाई का मोबाइल जब्त कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद अहमदाबाद साइबर थाने की पुलिस ने पहले आरोपी से पूछताछ की और फिर उसे अपने साथ लेकर गुजरात के लिए रवाना हो गई है।
PM और CM के आधार का कई जगह किया इस्तेमाल
कांटी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि अर्पण दुबे को गिरफ्तार कर गुजरात पुलिस ले गई है। पुलिस का कहना है कि फर्जीवाड़ा करने के बाद उक्त आधार कार्ड का आरोपित ने कई जगहों पर इस्तेमाल भी किया था।
क्या है मामला?
दरअसल, पिछले दिनों अर्पण दुबे ने आधार कार्ड पोर्टल के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी एवं यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के आधार कार्ड में छेड़छाड़ की थी। दोनों की जन्म तिथि समेत अन्य डाटा में छेड़छाड़ का प्रयास किया था।




Comment here