उत्तर बिहार के बाबाधाम कहे जाने वाले मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में दूसरी सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से आए श्रद्धालु भगवान के दर्शन और उनकी आराधना के लिए मंदिर में पहुंचे।
भक्त पहलेजा घाट से जलबोझी करके आए। हरिसभा चौक से पानी टंकी, जिला स्कूल, छोटी कल्याणी, प्रभात सिनेमा रोड होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर तक पंक्तिबद्ध भक्त भोलेबाबा के नाम का जयकारा लगाते आगे बढ़ रहे थे। बताया जाता है कि एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने बाबा का जयघोष करते हुए पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की भीड़।
बेलपत्र, गंगाजल, फल-फूल, भांग-धथूरा आदि का शिवलिंग पर अरघा के माध्यम से अर्पण किया। पूरा क्षेत्र और मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान हो गया।

जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े भक्त।
डाक बम कांवरियों के लिए विशेष सुविधा
बाबा गरीबनाथ मंदिर से 100 मीटर पहले माखन साह चौक से कांवरियों को नियंत्रित और पंक्तिबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया गया। डाक बम लेकर आने वाले कांवरियों को हरिसभा चौक से सीधे साहू रोड होते हुए मंदिर मार्ग में प्रवेश कराया जा रहा था। उन्हें रास्ते में किसी तरह की बाधा नहीं हो, इसका विशेष ख्याल रखा गया। आधी रात के बाद से जलाभिषेक के लिए कांवरियों की भीड़ बढ़ती गई।



Leave a Reply