Breaking News

वंदेभारत ट्रेनों के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, रेलवे घटा सकता है इन रूट्स का किराया

नई दिल्ली. कम दूरी वाली कुछ वंदेभारत ट्रेनों (Vande Bharat Express) में अक्सर ही सीटें खाली रह जा रही है. इसे देखते हुए भारतीय रेल (Indian Railways) इन ट्रेनों के किराये की समीक्षा करने जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली-देहरादून, भोपाल-इंदौर और नागपुर-बिलासपुर जैसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की इन तमाम छोटी रूट्स में कई सीटें खाली रह जा रही हैं. ऐसे में उनके किराए कम किए जा सकते हैं.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर ये कदम उठाया गया है. रेलवे पहले छोटे रूट्स के की समीक्षा करेगी और फिर उसके बाद दूसरे रूट्स के किराए की समीक्षा होगी.

‘छोटी दूरी की वंदेभारत ट्रेनों में काफी सीटें खाली’
देश की सबसे आधुनिक एवं तेज रफ्तार वाली वंदेभारत ट्रेनों का सबसे लंबा सफर करीब 10 घंटे का है, जबकि सबसे छोटा सफर तीन घंटे का है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में बताया गया है कि जून तक के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल-इंदौर वंदेभारत ट्रेन में केवल 29 प्रतिशत सीटें भरी हुई थीं, जबकि इंदौर-भोपाल ट्रेन में 21 प्रतिशत सीटों पर ही रिजर्वेशन हुआ था. करीब तीन घंटे का सफर तय करने वाली इस ट्रेन में एसी चेयर कार का किराया 950 रुपये है, जबकि एक्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 1525 रुपये रखा गया है. ऐसे में इस ट्रेन के किराये को कम किया जा सकता है.

किराया घटाने से ज्यादा यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘इसके पीछे सोच यह है कि सभी वंदेभारत ट्रेन में यात्रियों को सुविधाजनक सफर का मौका मिले. हमने हालात की समीक्षा की है और हमारी राय है कि कुछ वंदेभारत ट्रेन, खासकर कम दूरी वाली, का किराया अगर घटा दिया जाता है तो वह ज्यादा अच्छा कर पाएंगी. हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग इन ट्रेनों में सफर करें.’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.