Breaking News

समस्तीपुर में बाल-बाल बचे 11 लोग:तेज हवा की वजह से घर पर गिरा पीपल का पेड़, जैसे-तैसे लोगों को निकाला गया बाहर

समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के हरैल पंचायत के चापर गांव में बुधवार सुबह चली तेज हवा के कारण एक पीपल का पेड़ रामवृक्ष पंडित के मकान पर जा गिरा। पेड़ के गिरने से गृह स्वामी को काफी क्षति पहुंची है। हालांकि, इस घटना में परिवार के 11 सदस्य बाल-बाल बच गये। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी लोगों को अंदर से बाहर निकाला गया। जबकि एक मवेशी गंभीर रूप से जख्मी है। ‌घटना के संबंध में बताया गया है कि सुबह करीब 8:00 बजे घने बादल के बीच तेज हवा चली।

घर पर गिरा पीपल का पेड़

घर पर गिरा पीपल का पेड़

इसी दौरान रामवृक्ष पंडित के घर के पास स्थित एक विशाल पीपल के पेड़ की एक मोटी डाली टूट कर उनके घर पर जा गिरी। इस घटना के कारण आसपास अफरा-तफरी मच गई। हल्ला होने पर जुटे आसपास के लोगों ने घर के अंदर फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। हालांकि इस दौरान रामवृक्ष पंडित के एक पशु को गंभीर चोटे आई है। ग्रामीणों ने बताया कि अगर तुरंत गांव के लोग सजग नहीं हुए होते तो घर के अंदर फंसे 11 लोगों में से कई की जान जा सकती थी।

मकान क्षतिग्रस्त, लाखों का नुकसान

रामवृक्ष पंडित ने बताया कि उनके मकान पर पेड़ गिरने से उनके घर के कई समान क्षतिग्रस्त हो गए। दीवारों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। दीवार पर दरारें आ गई हैं। पेड़ गिर जाने की जानकारी अंचल प्रशासन को भी दी गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.