Breaking News

पटना AIIMS मुख्य मार्ग पर जलजमाव:एम्स निदेशक ने जताई चिंता, कहा- सरकार से मांग के बाद भी निदान नहीं

पटना एम्स मुख्य मार्ग पर ,एंट्री गेट से लेकर काफी दूर तक जलजमाव से डॉक्टरों को हो रही परेशानी को लेकर एम्स के निदेशक ने सरकार को पत्र लिखा है। एम्स के निदेशक ने कहा है कि बारिश के कारण एम्स के कई तकनीक विभाग और लैब में भी जलजमाव की समस्याएं उत्पन्न हो रही है। इसे लेकर उन्होंने अभियंता और तकनीकी लोगों के साथ एक बैठक की है। उन्होंने कहा कि एम्स परिसर में हो रहे जलजमाव को वह अपने स्तर से दुरुस्त करवा लेंगे, लेकिन पटना एम्स मार्ग में सड़क पर जलजमाव उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने बिहार सरकार सहित संबंधित विभाग को भी इसके निदान के लिए आग्रह किया है।

मरीजों और परिजनों को हो रही है परेशानी

बताते चलें कि पटना एम्स में इन दिनों ओपीडी में मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसे लेकर एम्स के द्वारा कई विभागों को भी बढ़ाया जा रहा है। बेड की संख्या के साथ ऑपरेशन थिएटर और कई विभाग को भी बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ पटना एम्स मार्ग में जलजमाव की स्थिति विकराल होती जा रही है। एम्स पहुंचने वाले डॉक्टरों के साथ मरीजों को भी जलजमाव से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर पटना एम्स के निदेशक ने चिंता जताई है।एम्स के निदेशक का यह मानना है कि सरकार से कई बार जलजमाव को दुरुस्त करने के लिए आग्रह किया गया। इसके बावजूद भी अभी तक जलजमाव का काम पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।

बताते चलें कि अभी कुछ वर्ष पूर्व करोड़ों रुपए खर्च कर पटना एम्स सड़क का निर्माण कराया गया था। स्थिति यह है कि सड़क के दोनों किनारे बनाए गए नाले नाकामयाब साबित हो रहे हैं। पानी निकासी के अभाव में सड़कों पर एक से लेकर दो फीट से अधिक जलजमाव ने विकराल रूप ले रखा है। लोगों के साथ मरीजों और डॉक्टरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.