गंगा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। वह वैशाली जिले का रहने वाला था। यह हादसा पटना में दीघा थाने के तहत पाटी पुल घाट पर हुआ। जिस युवक की गंगा में डूबने से मौत हुई, उसकी पहचान 20 साल के अश्विनी सिंह के रूप में हुई है। वो वैशाली जिले में बिदुपुर थाने के तहत चक सिकंदर गांव का रहने वाला था। मृतक के पिता का नाम रत्नेश सिंह है।
बचाने के लिए पहुंचे थे दोस्त
दरअसल, अश्विनी पटना में रहकर पढ़ाई करता था। मंगलवार को अपने दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने के लिए दीघा के पाटीपुल घाट पर पहुंचा था। नहाने के दौरान वो नदी की गहराई में चला गया और हादसे का शिकार हो गया। उसे डूबता देख साथ आए दोस्त भी घबरा गए। उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन, सफलता नहीं मिली। इसके बाद दीघा थाने की पुलिस को सूचना दी गई।
फिर थानेदार राजकुमार पांडेय ने पटना सिटी के गाय घाट में मौजूद SDRF की टीम को जानकारी दी। वहां से 4 सदस्यों की SDRF की टीम आई। इस टीम ने पाटी पुल घाट के आसपास में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी देर की मशक्कत के बाद गंगा नदी से अश्विनी की लाश बरामद की गई। इसके बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए PMCH भेज दिया गया।
मृतक के परिजनों को दी गई जानकारी
वैशाली में रहने वाले उसके परिवार को हादसे की जानकारी दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में भी अश्विनी की मौत नहाने के दौरान हादसे का शिकार होना ही बताया गया है। वैसे पुलिस साथ नहाने आए दोस्तों से भी हादसे के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर रही है।



Leave a Reply