गया|जिले में एक जुलाई को विद्यालय निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के गायब मिले 49 शिक्षकों के एक दिन की वेतन की कटौती की गई है। गैरमौजूद रहने वाले शिक्षकों में 39 नियोजित, चार नियमित व दो गेस्ट टीचर शामिल हैं। कार्य नहीं तो वेतन नहीं के सिद्धांत पर ये कार्रवाई की गई है। डीईओ राजदेव राम ने इस बाबत निर्देश जारी किए हैं। इसमें कई शिक्षक बिना सूचना लंबे समय से गायब हैं। जबकि एक शिक्षक अप्रैल 2022 से जेल में है।
बेलागंज प्रखंड स्थित रामेश्वर प्रसाद सिंह हाईस्कूल के फिजिकल टीचर विजय कुमार सिंह दिसंबर 2015 से और गुरारू के हाईस्कूल देवकली के साइंस टीचर अभिनंदन प्रकाश अमर जुलाई 2015 से बिना सूचना के अनुपस्थित हैं। कोंच प्रखंड स्थित मिडिल स्कूल आंती के शिक्षक नीरज कुमार कारावास में हैं। शहर के रामरूचि बालिका इंटर स्कूल के आनंद कुमार सिन्हा सितंबर 2019 और मिडिल स्कूल कलेर की प्रतिमा कुमारी 15 दिसंबर 2020 से बिना सूचना के अनुपस्थित हैं।
जबकि अनुपस्थित मिले मिडिल स्कूल मानपुर अड्डा के मुकेश कुमार को तीन माह पूर्व सेवामुक्त करने का आदेश दिया जा चुका है। टनकुप्पा के प्राथमिक विद्यालय बरसिम्मा के अंशु सिन्हा व प्रावि करिहारा के हन्नी कुमारी लंबे समय से बिना सूचना के गायब हैं। इनके विरूद्ध अलग से रिपोर्ट तैयार की जा रही है।



Comment here