पथ निर्माण विभाग ने 10 करोड़ की लागत से ब्रह्मपुरा से बीबीगंज हाईवे तक सड़क व ड्रेनेज निर्माण का काम पूरा कर लिया है। दूसरी ओर बीबीगंज हाईवे से भामा साह द्वार तक ड्रेनेज बनाने में बुडको उदासीन है। दोनों ड्रेनेज कनेक्ट नहीं होने पर बारिश शुरू होने पर इसका खामियाजा शहर के पश्चिमी इलाके के आधा दर्जन वार्डों को झेलना होगा। पहले ब्रह्मपुरा चौक से बीबीगंज हाईवे होते भामा साह द्वार तक पथ निर्माण विभाग को नाला बनाना था।
हालांकि, कम चौड़ा नाला बनाने की वजह से बुडको ने पथ निर्माण विभाग को काम करने से रोक दिया। बुडको ने बीबीगंज हाईवे से भामाशाह द्वार तक खुद ड्रेनेज बनाने की जवाबदेही ली जबकि पथ निर्माण विभाग को ब्रह्मपुरा से बीबीगंज हाईवे तक ड्रेनेज बनाने का जिम्मा मिला। 6 माह पहले पथ निर्माण विभाग का काम पूरा हो गया जबकि तीन माह पहले जाकर बुडको ने ड्रेनेज बनाने का काम शुरू किया। पिछले माह आनंदपुरी में जलजमाव की वजह से लग्न तक नाला बनाने पर रोक लगा दी गई। अभी बीबीगंज हाईवे की तरफ से निर्माण कार्य बंद है। भामा साह द्वार की ओर से काम चल रहा है।
निर्माण एजेंसी ने निगम से की पंप की मांग
बुडको की निर्माण एजेंसी का दावा है कि बीबीगंज हाईवे की ओर से भी काम शुरू किया जा रहा है। आनंदपुरी और बीबीगंज में नाला बनाने के दौरान जलजमाव होगा। इसके लिए निगम से पंप की मांग की गई है। बीबीगंज निवासी अरुण शुक्ला का कहना है कि ड्रेनेज नहीं बना तो फिर बीबीगंज समेत कई इलाके पिछले साल की तरह डूबेंगे। वार्ड नंबर 7 की पार्षद सुषमा देवी का कहना है कि बुडको की एजेंसी की लापरवाही की वजह से इस बार बारिश में बहुत कठिनाई होगी। काम में तेजी नहीं लाई जा रही है। नाला कनेक्ट नहीं हो सकेगा। वैसे जो कच्चा नाला है, उसे जेसीबी से साफ कराया गया है।
ड्रेनेज नहीं बनने से इन इलाकों में होगी परेशानी
ब्रह्मपुरा, लक्ष्मी चौक, मेहंदी हसन चौक, ब्रह्मपुरा रेलवे कॉलोनी, चित्रकूट नगर, बीबीगंज, आनंदपुरी समेत भगवानपुर पंचायत।



Comment here