शहर को जाम के जंजाल से निजात दिलाने के लिए 27 स्थानों पर सवा साल पहले ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए। एक साल के इंतजार के बाद बीते 9 मार्च को इनमें से 8 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल चालू कर दिए गए। बाकी बचे 19 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल चालू नहीं होने पर स्मार्ट सिटी का अलग-अलग बहाना है। चूंकि, अभी श्रावणी मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारी चल रही है। इसलिए श्रावणी मेला के पहले बाकी स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल चालू नहीं होने से शहर को और ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ेगी।
153 करोड़ की लागत से स्मार्ट इंटेलिजेंस सिस्टम के तहत ट्रैफिक सिग्नल समेत कई काम चल रहे हैं। 12 करोड़ की लागत से सिटी पार्क के निकट कमांड कंट्रोल बिल्डिंग बनी है। यहां से ट्रैफिक सिग्नल को कंट्रोल किया जा रहा है। बाकी बचे 19 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल चालू करने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग नहीं बनाना, कई जगह निर्माण कार्य होना और कुछ जगह ऑप्टिकल फाइबर की समस्या की वजह से ट्रैफिक सिग्नल चालू नहीं हो रहा है। इसके पहले स्मार्ट सिटी की एजेंसी बहाना बनाती रही कि मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक डीएसपी नहीं रहने की वजह से ट्रैफिक सिस्टम को चालू नहीं किया जा रहा है। अब ट्रैफिक डीएसपी की तैनाती के बाद एजेंसी यह बताने की स्थिति में नहीं है कि बाकी बचे स्थानों पर कब ट्रैफिक सिग्नल चालू होंगे।
हरिसभा चौक व जीरोमाइल चौराहे पर ट्रैफिक लोड ज्यादा
हरिसभा चौक और जीरोमाइल चौराहे पर ट्रैफिक लोड ज्यादा रहता है। इन स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल चालू नहीं होने की वजह से सबसे ज्यादा कठिनाई हो रही है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से भी हरिसभा चौक व जीरोमाइल चौराहा पर सबसे पहले ट्रैफिक सिग्नल चालू करने के लिए कहा जा रहा है। बावजूद इन स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल चालू नहीं हो सके हैं।
फॉल्स सिग्नल के कारण धोखा खा रहे वाहन चालक
शहर के हरिसभा चौक, बनारस बैंक चौक और सिकंदरपुर स्टेडियम के पास भी ट्रैफिक सिग्नल लगे हैं, लेकिन यहां अभी नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू नहीं है। इन स्थानों पर फॉल्स सिग्नल चल रहे हैं। इस कारण इन स्थानों से गुजरने वाले वाहन चालक धोखा खा जाते हैं। वे इन स्थानों पर रेड सिग्नल देख कर रुक जाते हैं। वाहनों की कतार लग जाती हे।
अभी जहां ट्रैफिक सिग्नल काम कर रहे हैं, उसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। बाकी स्थानों पर स्मार्ट सिटी को सिग्नल चालू करने के लिए कहा गया है। -धीरज कुमार, ट्रैफिक डीएसपी



Comment here