बिहार में बुधवार रात दो और नए कोरोना पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें एक वैशाली और दूसरा नालन्दा का निवासी है। एम्स ने पहली जांच रिपोर्ट जारी की और बताया कि 35 वर्षीय वैशाली निवासी एक युवक को कोरोना पॉजिटव पाया गया। हालांकि उसका कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं पता चला है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि पीएमसीएच की जांच रिपोर्ट में एक 55 वर्षीय व्यक्ति को कोरोना पॉजिटव पाया गया है। यह बिहारशरीफ निवासी पॉजिटव व्यक्ति का संबंधी है। इस प्रकार बुधवार को कुल 6 पॉजिटव मामले सामने आए, जिससे राज्य में कोरोना पॉजिटव की संख्या बढ़कर 72 हो गयी।

इससे पहले बुधवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक कोरोना वायरस से पीड़ितों के बिहार में 4 नए मामले मिले। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि 3 मरीज नालंदा जिले से सामने आये हैं। जिसमें 35 और 25 साल की दो महिलाएं शामिल हैं। जबकि इनमें 60 साल के एक बुजुर्ग भी शामिल हैं।
प्रधान सचिव संजय कुमार ने ट्वीट कर बताया कि इन तीनों मरीजों के अलावा एक और मरीज मुंगेर जिले से सामने आया । उसकी उम्र भी 60 साल बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि नालंदा से आज जितने भी मामले सामने आये हैं। वह सभी दुबई से लौटे एक शख्स के संपर्क में आये थे। जिसके कारण उनको संक्रमण हुआ है।






Leave a Reply