प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि के सुख-शांति भवन सभागार में रविवार को नशामुक्त भारत अभियान का लोकार्पण हुअर। शुभारंभ भारत सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, विधान पार्षद प्रमोद चंद्रवंशी, बिहार-झारखंड ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की निदेशिका राजयोगिनी बीके रानी दीदी, एनटीपीसी कांटी के सीईओ केएमके प्रुष्टि व भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने किया। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि जब तक समाज की सहभागिता नहीं होगी, सामाजिक-आध्यात्मिक संस्थान अपनी भूमिका नहीं निभाएंगे तब तक नशा समाज से समाप्त नहीं हो सकेगा। वे ब्रह्माकुमारी संस्थान व प्रधानमंत्री मोदी के आभारी हैं जिन्होंने उन्हें नशामुक्त भारत अभियान के निमित्त बनाया।
बचपन से आजतक उन्होंने चाय का स्वाद नहीं लिया है। उन्हें नशा मुक्त भारत अभियान की जिम्मेदारी मिलने पर बहुत प्रसन्नता हुई। मंत्री ने कहा कि पाश्चात्य सभ्यता की चकाचौंध में हमारी युवा पीढ़ी दिग्भ्रमित हो रही है। स्कूल-कॉलेज के आसपास नशे के सौदागर अपना धंधा कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि समाज में शांति स्थापित करने के लिए कार्य कर रहा है। जीवन में शांति आती है तो मनुष्य सशक्त बनता है और देश सशक्त बनता है। संस्थान स्वयं के लिए नहीं, समाज व राष्ट्र के लिए कार्य करता है। प्रधानमंत्री का विजन है कि आजादी के 100 वर्ष पर देश को सशक्त, नशामुक्त, आत्मनिर्भर व विकसित भारत बनाएंगे। ब्रह्माकुमारीज जैसी संस्था को देखकर उन्हें इस मार्ग में काम करने के लिए ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलती है।
राजयोगिनी बीके रानी दीदी ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था सत्संग नहीं है। यह ईश्वरीय विवि है जहां प्रतिदिन पढ़ाई होती है। इससे जुड़कर 17 लाख भाई-बहनें नशे से मुक्त हैं और आज देश को नशामुक्त बनाने की सेवा में अग्रसर हैं। समाज श्रेष्ठ बने, नशामुक्त बने, देश को नशामुक्त बनाने के लिए भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय एवं ब्रह्माकुमारीज संस्थान के बीच 4 मार्च 2023 को समझौता पर हस्ताक्षर हुआ था। मुक्त भारत अभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज संस्था पूरे देश में काम कर रही है और इसके उत्साहजनक परिणाम मिले हैं।
कार्यक्रम में बीके संजय व बीके अरविंद ने भी विचार रखे। बीके भारती ने सभी को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। संचालन बीके कंचन बहन व धन्यवाद ज्ञापन बीके शिवप्रसाद ने किया। इस मौके पर सिटीजंस ऑफ मुजफ्फरपुर की ओर से केंद्रीय मंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर हरेंद्र कुमार, डॉ. बीबी ठाकुर, डॉ. प्रवीण चंद्रा, डॉ. शोभना चंद्रा, समाजसेवी एचएल गुप्ता, डॉ. नवीन कुमार, मृदुलकांत, बीके प्रफुल्ल, डॉ. रमेश कुमार सिंह, बीके डॉ. फणीश चंद्र, बीके सीता, बीके पुष्पा आदि मौजूद थे।



Leave a Reply