जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र के पाली रोड स्थित एक मोटर पार्ट्स व्यवसायी पिता-बेटा शनिवार की रात से लापता हैं। बाइक सवार पिता अख्तर अंसारी और बेटा आसिफ रजा के लापता होने को लेकर परिजनों और जानने वालों ने अपहरण की आशंका जताई है।
बाइक सवार दोनों लोग प्रतिदिन की तरह पाली रोड में स्थित अपने मोटर पार्ट्स दुकान को बंद कर बाइक से अपने घर औरंगाबाद के सीरीस जा रहे थे। रात करीब 9 बजे तक दोनों जब अपने घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया,लेकिन पिता-बेटे का मोबाइल बंद था। परिजनों ने अपने जानने वालों और डेहरी के कुछ व्यवसायियों से इसकी जानकारी लेने का प्रयास किया।
बाइक सवार पिता-पुत्र के नहीं लौटने पर बेचैन परिजनों ने इसकी सूचना बारुण और डेहरी थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी हरकत में आई। विभिन्न स्तर से मामले की जांच में जुट गई। बताया जाता है कि बाइक सवार पिता-पुत्र मूलतः इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के भटौली के रहने वाले हैं। कई सालों से सीरीस में मकान बनाकर रहने लगे और वर्षों से डेहरी के पाली रोड में मोटर पार्ट्स का दुकान चलाते हैं।
व्यवसायी पिता पुत्र के लापता होने के बाद उनके दुकान बंद है। शहर में इसे लेकर व्यवसायियों में अलग-अलग चर्चाएं हैं। हालांकि इस मामले में एएसपी शुभांक मिश्रा ने कुछ भी कहने से इनकार किया है।



Leave a Reply