Breaking NewsHARYANASTATE

कोरोना लॉकडाउन के बीच हरियाणा के युवक ने रचाई ‘गोरी मैम’ संग शादी, स्पेशल मैरिज एक्ट बना मददगार…

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन (Coronavirus Lockdown) के कारण देशभर में अब तक जहां हजारों शादियां कैंसिल हो चुकी हैं। वहीं, हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले एक युवक निरंजन कश्यप ने 13 अप्रैल को मैक्सिकन नागरिक डाना के साथ शादी रचाई है। यह शादी स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत संपन्न कराई गई। 

दूल्हा बने निरंजन ने बताया कि वह और उनकी पत्नी डाना एक भाषा सीखने के ऐप के माध्यम से मिले थे। लंबी डेटिंग के बाद दोनों ने शादी करने का इरादा कर लिया। इसके बाद शादी के लिए डाना और उसकी मां 11 फरवरी को भारत आईं।

निरंजन ने बताया कि उन्होंने 17 फरवरी को स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी के लिए आवेदन किया था, जिसमें 30 दिन का नोटिस देना होता है। यह नोटिस 18 मार्च को समाप्त होना था, लेकिन 19 मार्च को लॉकडाउन शुरू हो गया, इसलिए हम शादी नहीं कर सके। इसके बाद हमने जिला कलेक्टर को एक आवेदन प्रस्तुत किया जिसके बाद उन्होंने हमारी शादी का आयोजन किया।  

देशव्यापी लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू देशव्यापी लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने की मंगलवार को घोषणा करते हुए कहा कि इस महामारी को परास्त करने के लिए यह जरूरी है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि राज्यों एवं विशेषज्ञों से चर्चा और वैश्विक स्थिति को ध्यान में रखते हुए भारत में लॉकडाउन को अब 3 मई तक और बढ़ाने का फैसला किया गया है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू 21 दिन के लॉकडाउन का वर्तमान चरण आज (14 अप्रैल) समाप्त हो रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि अगले एक सप्ताह में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सख्ती और ज्यादा बढ़ाई जाएगी। 20 अप्रैल तक हर कस्बे, हर थाने, हर जिले, हर राज्य को परखा जाएगा कि वहां लॉकडाउन का कितना पालन हो रहा है, उस क्षेत्र ने कोरोना से खुद को कितना बचाया है। मोदी ने कहा कि जो क्षेत्र इस अग्नि परीक्षा में सफल होंगे, जो हॉटस्पॉट में नहीं होंगे और जिनके हॉटस्पॉट में बदलने की आशंका भी कम होगी, वहां पर 20 अप्रैल से कुछ जरूरी गतिविधियों की अनुमति दी जा सकती है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में इस संबंध में राज्यों के साथ हुई अपनी चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि सभी का यही सुझाव है कि लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाए। कई राज्य तो पहले से ही लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला भी कर चुके हैं।

हर देशवासी को लॉकडाउन में ही रहना होगा

मोदी ने कहा कि 3 मई तक हम सभी को, हर देशवासी को लॉकडाउन में ही रहना होगा। इस दौरान हमें अनुशासन का उसी तरह पालन करना है, जैसे हम करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें अधिक संवेदनशील स्थानों (हॉटस्पॉट) को लेकर बहुत ज्यादा सतर्कता बरतनी होगी। जिन स्थानों के हॉटस्पॉट में बदलने की आशंका है, उन पर भी हमें कड़ी नजर रखनी होगी। नए हॉटस्पॉट का बनना, हमारे लिए और चुनौती खड़ी करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम धैर्य बनाकर रखेंगे, नियमों का पालन करेंगे तो कोरोना जैसी महामारी को भी परास्त कर पाएंगे। मोदी ने लोगों से 7 विषयों पर सहयोग भी मांगा जिसमें बुजुर्गों का ध्यान रखने, गरीबों के प्रति संवेदनशील नजरिया अपनाना आदि शामिल है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.