नालंदा में एक महिला ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर खुदकुशी कर ली। महिला को उसका भांजा ही परेशान कर रहा था। परिवार वालों का कहना है कि आरोपी ने महिला का अश्लील वीडियो बना लिया था। जिसे वायरल करने की धमकी देकर बीते एक साल से उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
आरोपी कहता था कि मैं जैसा बोलता हूं, आप वैसा ही करो नहीं तो वीडियो वायरल कर दूंगा। परिवार वालों ने भी उसे समझाने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी हरकतें नहीं बदली। तंग आकर तीन बच्चों की मां ने सोमवार की रात फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
मामला नगर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर मोहल्ले का है। महिला का शव उसके ही घर से फांसी के फंदे से लटका मिला। महिला के मायके वालों ने ही मंगलवार को पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
मृतका के छोटे भाई ने बताया कि बहन की शादी 10 साल पहले की गई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। इसी बीच उसके पति की बहन के बेटे अमित कुमार (19) ने बहन का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। अमित, बहन को उस वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था। अमित हरियाणा के बल्लभगढ़ में रहता है।
आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी
मृतका के भाई ने बताया कि अमित तीन दिन पहले अपने ननिहाल आया था। इसके बाद उसे समझाया गया कि वो ऐसी हरकत ना करे। उस वक्त उसने ऐसा ना करने की बात कही। लेकिन कुछ घंटे बाद ही फिर से वह बहन को परेशान करने लगा। इसके बाद उन लोगों ने अमित के पास से उसका मोबाइल ले लिया और गुस्से में थप्पड़ भी मारा। अमित ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।



Leave a Reply