ओडिशा के बालेश्वर जिले में शुक्रवार देर शाम को भीषण रेल हादसा हुआ। ओडिशा में कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841-अप) बाहानगा स्टेशन से दो किमी दूर पनपना के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद एक और ट्रेन दुर्घटनास्थल पर हादसे का शिकार हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा में तीन ट्रेनें दुर्घटनाग्रस्त हो गई हैं। इस हादसे में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 350 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इस रेल हादसे पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रेल मंत्री सहित कई नेताओं ने दुख जताया है।
इस हादसे पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शोक जताया। उन्होंने कहा
ओडिशा के बालेश्वर में एक दुर्भाग्यपूर्ण रेल दुर्घटना में लोगों की मौत के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मेरा दिल शोक संतप्त परिवारों के लिए जाता है। मैं बचाव कार्यों की सफलता और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
रेल दुर्घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पीएम मोदी ने कहा
ओडिशा में ट्रेन हादसे की खबर सुनकर दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल जल्द स्वस्थ हों। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।






Leave a Reply