बिहार शिक्षा विभाग प्राइवेट स्कूलों की तरह पटना में समर कैंप लगाने जा रही। 6 और 7 के छात्र-छात्राओं के लिए यह व्यवस्था की जा रही है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने यह जानकारी भास्कर से बातचीत में दी।
बच्चों का असेस्मेंट होगा और जो हिंदी व गणित में कमजोर होंगे उन्हें पढ़ाया जाएगा
उन्होंने बताया कि समर कैंप के लिए हमारे एक लाख वालंटियर का प्रशिक्षण चल रहा है। यह 25 से 30 तारीख तक चलेगा। बच्चों को समर कैंप में क्या और कैसे पढ़ाना है इसके लिए इन्हें सामग्री भी दे रहे हैं। ये वालंटियर पूरे बिहार के सरकारी स्कूलों में कक्षा 6 से 8 के बच्चों का असेस्मेंट करेंगे और जो बच्चे गणित व हिंदी भाषा में कमजोर पाए जाएंगे उनकी सूची बनाएंगे। वैसे 15 बच्चों को एक वालंटियर प्रतिदिन एक घंटे, एक जून से 30 जून के बीच विभिन्न गतिविधियों कहानी, खेलकूद के जरिए भाषा और गणित का ज्ञान देंगे। यह आयोजन सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए ही लेकिन प्राइवेट स्कूलों के कमजोर बच्चे भी इसमें भाग ले सकते हैं।
कक्षा एक से कक्षा तीन के बच्चों पर भी ध्यान दिया जा रहा
दीपक कुमार ने बताया कि कोई बच्चा शिक्षा में बाकी से कमजोर न हो इसके लिए दो तरह से हम प्रयास कर रहे हैं। कक्षा एक से कक्षा तीन का समय बच्चों के लिए फाउंडेशन का समय होता है। इसलिए उन्हें मजबूत करने की कोशिश भी कर रहे हैं। कक्षा एक से तीन वर्ग के लिए टीचिंग मैटेरियल दिया गया है। शिक्षकों को इसके लिए भी प्रेरित किया है कि टीचिंग मैटेरियल वे खुद से भी तैयार कराएं। इसके लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता भी हम करा रहे हैं। कक्षा एक से तीन कक्षा के बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षकों की संख्या एक लाख से ज्यादा है। इनके लिए जुलाई से मार्च 2024 तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण का लक्ष्य है। हमारा लक्ष्य है कि बच्चे पढ़ाई में नहीं पिछड़े।



Comment here