Breaking NewsNational

#Lockdown 2.0: PM मोदी का बड़ा ऐलान, कोरोना के चलते तीन मई तक बढ़ा लॉकडाउन…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए देश में लागू लॉकडाउन को विस्तार देने की घोषणा की। उन्होंने सुबह 10 बजे से जारी राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि कई राज्य पहले ही लॉकडाउन पर फैसला कर चुके हैं। अब भारत में लॉकडाउन को तीन मई तक और बढ़ाना पड़ेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि 20 अप्रैल के बाद कुछ इलाकों में सशर्त अनुमति दी जा सकती है। जिन इलाकों में कोरोना के केस नहीं बढ़ेंगे और हॉट स्पॉट बनने की आशंका नहीं होगी। उन्हीं इलाकों में 20 अप्रैल से सशर्त छूट मिलेगी। इस बार में कल सरकार विस्तृत गाइडलाइंस जारी करेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि मेरी सभी देशवासियों से प्रार्थना है कि अब कोरोना को हमें किसी भी कीमत पर नए क्षेत्रों में फैलने नहीं देना है। स्थानीय स्तर पर अब एक भी मरीज बढ़ता है तो ये हमारे लिए चिंता का विषय होना चाहिए। इसलिए हमें हॉटस्पॉट को लेकर बहुत ज्यादा सतर्कता बरतनी होगी। जिन स्थानों के हॉटस्पॉट में बदलने की आशंका है उस पर भी हमें कड़ी नजर रखनी होगी। नए हॉटस्पॉट का बनना, हमारे परिश्रम और हमारी तपस्या को और चुनौती देगा।

दरअसल, बीते 11 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान एक दर्जन से अधिक राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन को दो सप्ताह तक बढ़ाने की मांग की थी। जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने विचार करने की बात कही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा था कि तीन हफ्ते पहले हमने जान है तो जहान का संदेश दिया था। इस बार जान और जहान दोनों की चिंता करनी जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर सोमवार से मंत्रालयों में फिर से मंत्री और उच्चस्तरीय अफसर बैठने लगे हैं।

इससे पहले तमिलनाडु और अरुणाचल प्रदेश ने सोमवार को लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक विस्तार देने की आधिकारिक घोषणा की थी। इन दोनों राज्यों के अलावा ओडिशा, पंजाब, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक पहले ही यह कदम उठा चुके हैं।

पीएमओ ने क्या किया था ट्वीट?

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को ट्वीट कर बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल 2020 को सुबह 10 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए 24 मार्च को 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की, जिसकी अवधि मंगलवार को खत्म हो रही है।

Input: Hindustan

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.