बागेश्वर धाम के आचार्य पंडित धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों पटना में हैं. बागेश्वर बाबा का कार्यक्रम नौबतपुर में 13 से 17 मई तक हो रहा है. राजनीतिक घमासान के बीच राज्य समेत देशभर से हजारों की तादाद में लोग पटना के नौबतपुर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं. हालांकि इस बीच बिहार पुलिस भाजपा सांसद मनोज तिवारी और आचार्य धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
दरअसल बीते शनिवार को बाबा बागेश्वर के पटना आने पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी खुद कार ड्राइव कर उन्हें एयरपोर्ट से होटल पनाश लेकर पहुंचे थे. मनोज तिवारी ड्राइविंग सीट पर, तो धीरेंद्र शास्त्री उनके बगल में बैठे नजर आए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है. अब ट्रैफिक एसपी ने डीएसपी को जांच के आदेश दिए हैं. पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए गए हैं. यह मामला 13 मई को पटना एयरपोर्ट से होटल जाते समय का है.
बाबा बागेश्वर के पटना आने पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी खुद कार ड्राइव कर उन्हें एयरपोर्ट से होटल पनाश लेकर पहुंचे थे. हालांकि इस दौरान दोनों सीट बेल्ट बांधे नजर नहीं आए. दिग्गजों के द्वारा ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने मोर्चा खोल दिया है. अब बिहार की ट्रैफिक पुलिस ने भी इसपर संज्ञान ले लिया है. पटना के ट्रैफिक एसपी पूरन झा ने बताया कि इस संबंध में डीएसपी को जांच का आदेश दे दिया गया है.
अब बिहार पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि मनोज तिवारी और बाबा बागेश्वर ने पटना एयरपोर्ट से होटल तक आने के दौरान कार में सीट बेल्ट लगाई थी या नहीं. दरअसल यातायात नियमों के अनुसार सीट बेल्ट नहीं बांधने पर कार का चालान काटे जाने व एक हजार रुपये जुर्माना का नियम है. हालांकि, बिहार पुलिस इसपर क्या एक्शन लेती है, इसपर सबकी नजर टिकी है.
Input : LiveCities



Comment here