राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मंगलवार सुबह 9:30 बजे से लेकर दोपहर बाद तक रहेंगे। राज्यपाल आर्लेकर बोधगया में आयोजित धर्म संस्कृति के तहत आयोजित चीवर दान में भाग लेंगे। महाबोधि मंदिर में पूजा अर्चना के बाद बौद्ध भिक्षुओं के बीच चीवरदान करेंगे। चीवर दान समारोह में आरएसएस के मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश जी होंगे।
इसके बाद महाबोधि सोसायटी संघदान करेगा। राज्यपाल के आगमन को देखते हुए बोधगया की सुरक्षा व्यवस्थाएं बढ़ा दी गई हैं। साथ ही उसे सख्त भी कर दिया गया है। राज्यपाल आर्लेकर दूसरी बार बोधगया आ रहे हैं। इससे पहले वे इसी माह बीती 5 मई को बुद्ध जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
संघदान के बाद संबोधन का कार्यक्रम होगा। राज्यपाल समारोह को संबोधित करेंगे। इसके बाद राज्यपाल बोधगया स्थित शंकराचार्य मठ जाएंगे और मठ का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वे भगवती अन्नपूर्णा अनुष्ठान में शामिल होंगे। सनातन परंपरा के तहत काशी के ब्राह्मणों द्वारा अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद वे मठ के अंदर स्थापित प्राचीन मूर्तियों व पुस्तकालय का अवलोकन करेंगे। मठ में राज्यपाल करीब ढाई घंटे तक रहेंगे। इस दौरान वे मठ में पढ़ने वाले बच्चों व स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
इसके बाद वे पटना के लिए गया एयरपोर्ट जाएंगे। वहां से हवाई मार्ग से पटना के लिए उड़ान भरेंगे। धर्म संस्कृति संगम कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई। बस अब राज्यपाल के आगमन का इंतजार है। उनके आगमन को लेकर बोधगया में काफी उत्साह बना हुआ है। क्यों कि बीते 15 दिनों के भीतर ही राज्यपाल बोधगया दूसरी बार आ रहे हैं।
Leave a Reply