Breaking News

गर्मी का सितम:पांच दिनों में पारा 40 डिग्री तक पहुंचेगा, गर्म पछुआ हवा दोपहर में झुलसाएगी

मंगलवार काे पांचवें दिन भी लगातार बढ़ते हुए अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके साथ ही 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहीं गर्म पछुआ हवा के कारण लाेगाें की परेशानी जारी रही। पांच दिनाें में अधिकतम तापमान में 7.3 डिग्री की वृद्धि के साथ दिन व रात के तापमान के बीच 20.6 डिग्री का गैप हो जाने से लाेगाें काे दाेपहर में अधिक गर्मी व हवा में तपन का अहसास हो रहा है।

माैसम विभाग की मानें ताे 14 मई तक जारी इस गर्मी से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दोपहर का तापमान सामान्य से अधिक रहने के साथ ही जारी गर्म पछुआ हवा दोपहर में भी और झुलसाएगी। अगले पांच दिनाें में अधिकतम तापमान 40 तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है।

दिन का तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक 38.8 डिग्री पर पहुंचा

सोमवार के मुकाबले मंगलवार काे अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री की वृद्धि के साथ सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री कमी के साथ सामान्य से 4.8 डिग्री कम 18.2 डिग्री रहा। पूसा कृषि मौसम परामर्शी सेवा के नाेडल अधिकारी डाॅ. ए. सत्तार के अनुसार, चार दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। इस बीच लगातार 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी। आसमान में हल्के बादल छाने के बाद भी तापमान में कमी नहीं आने से गर्मी से लाेगों की परेशानी जारी रहेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.