मुजफ्फरपुर- हाजीपुर रेलखंड के बीबीगंज गुमटी के समीप यात्रियों से मोबाइल झपटने वाले गिरोह के सरगना समेत 2 बदमाशों को अरेस्ट किया गया है। दोनों झाड़ियों में छिपकर यात्रियों को निशाना बनाते थे। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस काफी दिनों से कोशिश कर रही थी। मंगलवार को रेल पुलिस की टीम ने यात्री बनकर दोनों को जाल में फंसा लिया। इनके पास से 10 मोबाइल, नशे की गोली और ब्लेड के टुकड़े बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के गफूर बस्ती निवासी मो. नौशाद और मो. शाबीर शामिल हैं। नौशाद पहले भी कई बारजेल जा चुका है। लेकिन, जेल से छूटने के बाद वह लगातार घटना को अंजाम दे रहा था। थानेदार दिनेश कुमार साहू ने बताया कि रेलवे ट्रैक किनारे दोनों यात्रियों को निशाना बनाते थे। ट्रेन के भीतर घुसकर यात्रियों को नशे की गोली खिला दिया करते थे और सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
दोनों को पकड़ने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिस बल की तैनाती की गई। कुछ जवान यात्री के वेश में ट्रेन में घुसे जबकि कुछ ट्रैक किनारे राहगीर बनकर जाने लगे। इसी बीच दोनों झाड़ियों के बीच छिपे दिखे। वर्दी नहीं होने की वजह से दोनों को शक नहीं हुआ। दोनों जैसे ही ट्रेन की ओर बढ़े पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
Leave a Reply